मुजफ्फरनगर में प्रदूषण फैलाने वाली तीन स्लैग यूनिट सील, बिजली कनेक्शन भी काटे
सूजडू क्षेत्र में देर रात प्रशासन की छापेमारी, प्रदूषण नियंत्रण उपकरण और एनओसी नहीं मिली; नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
मुजफ्फरनगर। जिले में वायु प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात सूजडू क्षेत्र में छापेमारी कर तीन स्लैग यूनिट को सील कर दिया। जांच में प्रदूषण नियंत्रण के पर्याप्त उपकरण और संचालन संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिले। कार्रवाई के दौरान तीनों इकाइयों के बिजली कनेक्शन भी कटवा दिए गए।
स्लैग की क्रशिंग से फैल रही थी धूल
प्रशासनिक टीम ने सूजडू क्षेत्र में एमएस स्टील एम्पायर, एमएस गय्यूर और आदिल ट्रेडर्स नाम की इकाइयों का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि यहां रोलिंग मिलों से निकलने वाले स्लैग को क्रश करके पाउडर बनाने और उसकी ट्रेडिंग का काम किया जा रहा था।
टीम के मुताबिक, स्लैग की क्रशिंग के दौरान बड़ी मात्रा में धूल उड़ रही थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में वायु प्रदूषण फैल रहा था। इसके बावजूद इकाइयों में धूल और प्रदूषण रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे।
एनओसी और वैध दस्तावेज भी नहीं मिले
निरीक्षण के दौरान तीनों इकाइयों के संचालक संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज, अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) और सहमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। अनियमितताएं मिलने पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों इकाइयों के मुख्य द्वार सील कर दिए। इसके साथ ही उनके बिजली कनेक्शन भी कटवा दिए गए।
अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों पर भी नजर
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी गीतेश चंद्रा के अनुसार, सहायक अभियंता संतोष कुमार और अवर अभियंता राजा गुप्ता समेत विभागीय कर्मचारियों की टीम ने निरीक्षण के बाद सीलिंग की कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि जिले में वायु प्रदूषण फैलाने वाली अन्य गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment