अंतर महाविद्यालय क्रिकेट: बड़ौत ने बुलंदशहर को 102 रन से रौंदा, गाजियाबाद ने भी दर्ज की जीत

मेरठ कॉलेज के आयोजन में भामाशाह पार्क में खेले जा रहे मुकाबले, प्रो. दिनेश कुमार ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट (पुरुष) प्रतियोगिता 2026-27 के चौथे दिन भामाशाह पार्क (विक्टोरिया पार्क) में रोमांचक मुकाबले खेले गए। मेरठ कॉलेज की मेजबानी में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह नौ बजे हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर एवं स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट के प्रोफेसर इंचार्ज प्रो. दिनेश कुमार रहे।

मेरठ कॉलेज के प्राचार्य एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो. नीरज कुमार और आयोजन सचिव प्रो. वीरेंद्र कुमार ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। प्रो. नीरज कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि साधनों के अभाव में भी यदि साधना प्रबल हो तो लक्ष्य हासिल करना आसान हो जाता है। मुख्य अतिथि प्रो. दिनेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

पहले मुकाबले में जेवीसी कॉलेज बड़ौत ने डीएवी कॉलेज बुलंदशहर को 102 रन से करारी शिकस्त दी। जेवीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 119 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बुलंदशहर की टीम जेवीसी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 17 रन पर ऑलआउट हो गई।

दूसरे मुकाबले में एएस कॉलेज लखावटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 155 रन बनाए। अंकित गोस्वामी ने 70 और कप्तान मणिक शर्मा ने 41 रन की पारी खेली। एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद की ओर से रवि, कुनाल और शांतनु ने तीन-तीन विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की। जवाब में एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद ने चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया और छह विकेट से मुकाबला जीत लिया।

आयोजन के दौरान प्रो. ललित कुमार, प्रो. पवन कुमार, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. रेनू वर्मा, डॉ. आशीष तोमर, विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक प्रो. भीष्म सिंह, अमित सिंह, डॉ. सत्येंद्र मलिक, संजय रस्तोगी, अनिल कुमार, दीन मोहम्मद, देवी प्रसाद सहित आयोजन समिति के सदस्य और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधीर मलिक ने किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts