कैंसर से जंग में मरीजों ने खोला दिल, विशेषज्ञों ने सुनीं तकलीफें; ‘मंथन-2026’ में जुटे 50 से अधिक स्तन कैंसर पीड़ित
देशभर के नामचीन कैंसर विशेषज्ञों ने किया सीधा संवाद, कीमोथेरेपी नर्सों को मिला ‘ब्रेस्ट कैंसर सेवियर्स’ सम्मान
मेरठ। स्तन कैंसर के खिलाफ लड़ाई में दवाओं और उपचार के साथ हौसले, परिवार के सहयोग और सामाजिक संवेदनशीलता की भी अहम भूमिका है। इसी संदेश के साथ शनिवार को बच्चा पार्क स्थित आईएमए हॉल में ‘मंथन-2026’ स्तन कैंसर समुदाय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक स्तन कैंसर मरीजों और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से जुड़े कैंसर विशेषज्ञों ने मरीजों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया।
प्रशास्ति (Prashasti) एवं BRENDOS-WUP के तत्वावधान में न्यूटिमा हॉस्पिटल और BENS सुपर स्पेशियलिटी क्लिनिक के स्तन एवं एंडोक्राइन सर्जरी विभाग की ओर से आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य मरीजों की वास्तविक समस्याओं को सामने लाना और उनके समाधान के लिए चिकित्सकों तथा मरीजों के बीच संवाद स्थापित करना रहा।
देशभर के विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव
सम्मेलन में एसजीपीजीआई लखनऊ के डॉ. ज्ञान चंद, केजीएमयू के पूर्व प्रोफेसर डॉ. संदीप कुमार, मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमित उपाध्याय, दिल्ली के पीएसआरआई की डॉ. अनीता मलिक, वीएमएमसी के पूर्व प्रोफेसर डॉ. चिंतामणि और एम्स दिल्ली के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग श्रीवास्तव सहित कई विशेषज्ञ शामिल हुए। डॉ. हिमानी अग्रवाल, डॉ. मीना बेम्बी, डॉ. चानी जैन और डॉ. तुषिता जैन ने भी सहभागिता की।
वहीं, एसजीपीजीआई के प्रो. डॉ. गौरव अग्रवाल, राजीव गांधी कैंसर इंस्टीट्यूट दिल्ली के डॉ. विश्वक चंथर, मुंबई के डॉ. रितेश अग्रवाल और गुवाहाटी के डॉ. सुनील बरुआ ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। विशेषज्ञों ने उपचार के आधुनिक तरीकों, बीमारी की समय पर पहचान और मरीजों की देखभाल से जुड़े अनुभव साझा किए।
मरीजों ने बताईं उपचार की मुश्किलें
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मरीजों और विशेषज्ञों के बीच पैनल चर्चा रही। इसमें मरीजों ने उपचार के दौरान होने वाली परेशानियों, बीमारी की पहचान में देरी, आर्थिक कठिनाइयों, सामाजिक भ्रांतियों और मानसिक तनाव जैसे मुद्दे उठाए। विशेषज्ञों ने उनकी समस्याएं सुनकर व्यावहारिक सुझाव दिए। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकीय सुविधाओं के साथ मरीजों की भावनात्मक और सामाजिक जरूरतों को समझना भी जरूरी है।
नृत्य और नाटक से दिया हौसले का संदेश
सम्मेलन में प्रशास्ति समुदाय के सदस्यों ने स्वयं तैयार किए गए नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए। इनके माध्यम से कैंसर से संघर्ष, आत्मविश्वास, पारिवारिक सहयोग और सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उन कीमोथेरेपी नर्सों को ‘ब्रेस्ट कैंसर सेवियर्स’ सम्मान प्रदान किया गया, जिन्होंने मरीजों की उपचार यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपने संघर्ष से उबरकर दूसरे मरीजों की मदद करने वाले प्रशास्ति समुदाय के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
मरीजों को अकेला महसूस नहीं होने देंगे: डॉ. सुधि कम्बोज
कार्यक्रम की आयोजक एवं प्रशास्ति तथा BRENDOS-WUP की संस्थापक डॉ. सुधि ए. कम्बोज ने कहा कि प्रशास्ति पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पुराने और बड़े स्तन कैंसर समुदायों में शामिल है। इसका उद्देश्य मरीजों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें हर स्तर पर सहयोग देना है। स्तन कैंसर का उपचार केवल ऑपरेशन, कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मरीज को भावनात्मक, मानसिक, सामाजिक और पारिवारिक सहयोग भी मिलना चाहिए। जब एक मरीज दूसरे मरीज का हाथ थामता है तो उसमें नई उम्मीद और आत्मविश्वास पैदा होता है। उन्होंने कहा कि मंथन-2026 के जरिए मरीजों की आवाज विशेषज्ञों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, ताकि कोई भी स्तन कैंसर मरीज खुद को अकेला महसूस न करे।
कार्यक्रम में एएसआई मेरठ के अध्यक्ष डॉ. शरद कुमार, सचिव डॉ. धीरज बालियान, आईएमए मेरठ अध्यक्ष डॉ. आलोक अग्रवाल, डॉ. रोहित कम्बोज, डॉ. विश्वजीत बेम्बी, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. शालीन कुमार, डॉ. दिनेश कुमार और डॉ. श्वेता अग्रवाल सहित अनेक चिकित्सक मौजूद रहे। सम्मेलन में समय पर जांच, बेहतर उपचार और मरीजों को सामुदायिक सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।


No comments:
Post a Comment