रूस का परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम Tu-95 बमवर्षक विमान क्रैश, 6 की मौत
अमूर क्षेत्र के निर्जन इलाके में हादसा, प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ दुर्घटनाग्रस्त; चालक दल का एक सदस्य घायल
मॉस्को। रूस के सुदूर पूर्वी अमूर क्षेत्र में प्रशिक्षण मिशन पर निकला Tu-95 बमवर्षक विमान हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना में चालक दल के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि एक सदस्य घायल बताया जा रहा है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हुआ हादसा
रूस के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, विमान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद अमूर क्षेत्र के एक निर्जन इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। शुरुआती जानकारी में बताया गया है कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसके ईंधन टैंक में विस्फोट हुआ और आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे बचाव दल ने घायल क्रू सदस्य को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
विमान में नहीं थे हथियार
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के समय Tu-95 में कोई हथियार मौजूद नहीं था। हालांकि, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई है।
परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है Tu-95
Tu-95 रूस का लंबी दूरी का रणनीतिक बमवर्षक विमान है। यह परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम होने के कारण रूस की रणनीतिक वायु क्षमता का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है। हालांकि, हादसे के समय विमान में कोई हथियार नहीं था। दुर्घटना की विस्तृत जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment