लक्षद्वीप के पास समुद्र में भारत की बड़ी कार्रवाई, 5 पाकिस्तानी पकड़े; 3 हजार करोड़ की ड्रग्स बरामद
गुजरात ATS, कोस्ट गार्ड और केंद्रीय एजेंसियों का संयुक्त ऑपरेशन; ईरानी बोट से 500 किलो से ज्यादा मेथ और हेरोइन बरामद, तमिलनाडु ले जाने की थी तैयारी
नई दिल्ली। लक्षद्वीप के पास समुद्र में गुजरात ATS, भारतीय तटरक्षक बल और केंद्रीय एजेंसियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ईरानी बोट को पकड़ा है। बोट पर सवार पांच पाकिस्तानी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, बोट से 500 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3,000 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
तमिलनाडु ले जाई जा रही थी ड्रग्स
जांच एजेंसियों के मुताबिक, बोट में बरामद मादक पदार्थ में मेथ और हेरोइन शामिल है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्रग्स की यह बड़ी खेप समुद्र के रास्ते तमिलनाडु ले जाई जा रही थी। संयुक्त टीम ने समुद्र में कार्रवाई कर बोट को अपने कब्जे में लिया और उस पर सवार पांचों पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ लिया।
आरोपियों और बोट को मुंबई लाया गया
कार्रवाई के बाद गुजरात ATS की टीम पकड़े गए आरोपियों और ड्रग्स से भरी बोट को लेकर मुंबई पहुंची है। अब एजेंसियां आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स की तस्करी के नेटवर्क, खेप के स्रोत और इसके अंतिम ठिकाने का पता लगाने में जुटी हैं।
मामले में आगे की जांच केंद्रीय एजेंसियों के समन्वय से की जा रही है। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और कीमत की आधिकारिक जांच के बाद विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

No comments:
Post a Comment