बडगाम के जंगलों में मुठभेड़, लश्कर का टॉप कमांडर फौजी मूसा मारा गया
यूसमर्ग की पहाड़ियों में 5 सितंबर की मुठभेड़ से बच निकला था मूसा, सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर चलाया ऑपरेशन
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पलमैडेन मुगपथरी के घने जंगलों में देर रात हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के टॉप कमांडर फौजी मूसा के रूप में हुई है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
संदिग्ध गतिविधि के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
सेना के मुताबिक, अन्य सुरक्षा बलों के साथ मिलकर मध्य कश्मीर के कोराग-यूसमर्ग इलाके में अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को संदिग्ध गतिविधि नजर आई। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को चुनौती दी तो दूसरी ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। इसके बाद दोनों तरफ से भीषण गोलीबारी हुई, जिसमें एक आतंकी मारा गया।
इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी रखा गया है। सुरक्षा बल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जंगल में मौजूद कोई अन्य आतंकी भाग न सके।
यूसमर्ग मुठभेड़ से बच निकला था मूसा
अधिकारियों के अनुसार, फौजी मूसा पीर पंजाल पर्वतमाला के दोनों ओर हुई कई आतंकी घटनाओं में वांछित था। पांच सितंबर को यूसमर्ग की पहाड़ियों में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में उसका करीबी सहयोगी यासिर मारा गया था, जबकि मूसा वहां से बच निकलने में सफल रहा था। इसके बाद से सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।
राजौरी-पुंछ-कठुआ में भी तलाशी
जम्मू-कश्मीर के राजौरी, पुंछ और कठुआ के कई इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों के इनपुट के बाद तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस, सेना, सीआरपीएफ और बीएसएफ की संयुक्त टीमें दूरदराज के पहाड़ी और घने जंगलों वाले क्षेत्रों में तलाशी ले रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 12 स्थानों पर अभियान चलाया गया है।

No comments:
Post a Comment