SSP ने नंगे पांव जलाए दीप, धोती-कुर्ते में पहुंचे समारोह
सूरजकुंड पार्क में दीप प्रज्ज्वलन के दौरान उतारे जूते; अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि जूते-चप्पल पहने रहे
मेरठ। सूरजकुंड पार्क में गुरुवार को आयोजित दीप प्रज्ज्वलन समारोह में मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का अलग अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि जूते-चप्पल पहनकर दीप जला रहे थे, जबकि एसएसपी ने दीप प्रज्ज्वलन से पहले अपने जूते उतार दिए। वह नंगे पांव रंगोली के बीच पहुंचे और दीप जलाया। इस दौरान उनका पारंपरिक धोती-कुर्ता भी लोगों का ध्यान खींचता रहा।
पर्पल कुर्ता और सफेद धोती में पहुंचे
एसएसपी ने पर्पल रंग का कुर्ता और सफेद धोती पहन रखी थी। कार्यक्रम में अधिकांश अधिकारी पैंट-शर्ट में नजर आए। दीप प्रज्ज्वलन के लिए पहुंचने पर एसएसपी ने जूते उतारे और नंगे पांव रंगोली के पास जाकर दीप जलाया। उनकी तस्वीरें सामने आने के बाद उनका यह अंदाज चर्चा में रहा।
कार्यभार ग्रहण करने के दिन भी पहना था धोती-कुर्ता
बीबीजीटीएस मूर्ति का पारंपरिक भारतीय परिधान में नजर आना पहली बार नहीं है। मेरठ में कार्यभार ग्रहण करने के दिन भी वह धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे थे। झांसी से मेरठ पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में भी वह इसी परिधान में नजर आए थे। उस समय भी उनका पहनावा लोगों के बीच चर्चा का विषय बना था।
गुरुवार को सूरजकुंड पार्क में दीप प्रज्ज्वलन के दौरान एक बार फिर वह धोती-कुर्ते में नजर आए। इस बार जूते उतारकर नंगे पांव दीप जलाने की तस्वीर ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

No comments:
Post a Comment