हेलमेट पहनकर शोरूम में घुसा चोर, डेढ़ लाख रुपये उड़ाए
गैलरी का गेट काटकर अंदर दाखिल हुआ बदमाश, पेचकस से गल्ले का ताला तोड़ा; CCTV में कैद हुई वारदात
मेरठ। कंकरखेड़ा में बुधवार रात एक शोरूम में चोरी की वारदात सामने आई। खिर्वा रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास मारवाड़ी प्लाईवुड एंड डेकोर शोरूम में हेलमेट पहने चोर ने गैलरी का गेट काटकर प्रवेश किया और गल्ले से करीब डेढ़ लाख रुपये चोरी कर लिए। पूरी वारदात पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर चोर की पहचान में जुटी है।
गेट काटकर अंदर घुसा, पेचकस से तोड़ा ताला
CCTV फुटेज में चोर गैलरी गेट के निचले हिस्से को काटता दिखाई दे रहा है। अंदर पहुंचने के बाद उसने बैग से पेचकस निकाला और गल्ले का ताला तोड़ दिया। इसके बाद करीब डेढ़ लाख रुपये निकालकर मौके से फरार हो गया। पहचान छिपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था। चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।
सुबह शोरूम खोलने पर चला पता
शोरूम मालिक और कंकरखेड़ा मंडल के पूर्व अध्यक्ष धर्मपाल गोयल ने बताया कि गुरुवार सुबह शोरूम खोलने पर चोरी का पता चला। सूचना पर कंकरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। धर्मपाल गोयल ने पुलिस को तहरीर देकर चोर की गिरफ्तारी और चोरी की रकम बरामद करने की मांग की है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।

No comments:
Post a Comment