बिल्ली के बच्चे को लेकर भिड़े दो पक्ष, ईंट-पत्थर और धारदार हथियार चले

मेरठ के शौकीन गार्डन में विवाद के बाद मारपीट, फायरिंग का भी आरोप; चार लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी

मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शौकीन गार्डन में गुरुवार रात बिल्ली के बच्चे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान ईंट-पत्थर और धारदार हथियार चलने से चार लोग घायल हो गए। एक पक्ष ने फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने घायलों को हापुड़ रोड स्थित आरएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक महीने बाद घर लौटा बिल्ली का बच्चा

शौकीन गार्डन निवासी जहीर कबाड़ी का काम करता है। उसके मुताबिक, उसने एक बिल्ली का बच्चा पाल रखा था, जो करीब एक महीने पहले गायब हो गया था। गुरुवार को बिल्ली का बच्चा वापस घर पहुंचा तो जहीर के बच्चों ने उसे घर में बांध दिया।

आरोप है कि पड़ोसी मुल्ला नईम कुछ महिलाओं के साथ बिल्ली का बच्चा लेने जहीर के घर पहुंचा। वहां जहीर की पत्नी आमिर जहां से उसकी कहासुनी हो गई। जहीर का आरोप है कि नईम और उसके साथ आई महिलाओं ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट की।

घर लौटने पर फिर बढ़ा विवाद

जहीर के घर लौटने पर पत्नी ने उसे पूरी घटना बताई। इसके बाद वह अपने बहनोई हसीन, भाई इमरान और साले रिहान के साथ नईम पक्ष के पास पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

जहीर पक्ष का आरोप है कि नईम, उसके बेटे वसीम, अयान, मैनू और अन्य लोगों ने धारदार हथियारों से हमला किया। इस दौरान ईंट-पत्थर भी चले। जहीर ने फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया है।

चार लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी

मारपीट में हसीन की आंख में चोट लगी, जबकि जहीर का दांत टूट गया। इमरान और रिहान के हाथ और पेट में धारदार हथियार से चोट आई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के बाहर भी लोगों की भीड़ जमा हो गई। जहीर ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फायरिंग समेत लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts