DVPST केंद्र से कंप्यूटर-CCTV की हार्ड डिस्क गायब, भर्ती डेटा सुरक्षित
एसएसपी ने भर्ती का डाटा गायब होने की सूचना को बताया भ्रामक, एसपी लाइन को सौंपी जांच; साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज
मेरठ। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन एंड फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (DVPST) केंद्र से कंप्यूटर सिस्टम, CCTV की हार्ड डिस्क और वायर गायब होने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति ने भर्ती से संबंधित डाटा गायब होने की सूचना को भ्रामक बताया है। उनके मुताबिक भर्ती का डाटा मुख्य सर्वर में सुरक्षित है। मामले की जांच एसपी लाइन को सौंपी गई है।
कंप्यूटर सिस्टम और हार्ड डिस्क मिली गायब
9 सितंबर को लिपिक संवर्ग के पुलिसकर्मी कमल सैनी DVPST केंद्र पहुंचे थे। वहां एक कंप्यूटर सिस्टम गायब मिला। बताया गया कि इस सिस्टम का इस्तेमाल पुलिस और होमगार्ड भर्ती से जुड़े नाप-तौल और शैक्षिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन के काम में किया जाता था।
कमल सैनी ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू की। स्टोर प्रभारी हेड कांस्टेबल बेबी से पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने कंप्यूटर के बारे में जानकारी होने से इनकार किया। इसके अगले दिन CCTV की DVR से जुड़ी दो हार्ड डिस्क और करीब 700 मीटर वायर भी गायब मिला।
24 घंटे बाद अधिकारियों को दी जानकारी
मामले की जानकारी मिलने के बाद कमल सैनी ने अपने स्तर से पड़ताल की और करीब 24 घंटे बाद आरआई हरपाल सिंह को इसकी सूचना दी। इसके बाद मामला एसपी क्राइम तक पहुंचा। बताया गया कि लखनऊ से DVPST केंद्र के कंप्यूटर सिस्टम में मौजूद कुछ डाटा मांगा गया था। सिस्टम नहीं मिलने की जानकारी सामने आने पर रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
साइबर थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट
एसपी क्राइम के निर्देश पर साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने केंद्र से जुड़े कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक गायब कंप्यूटर, हार्ड डिस्क और वायर की बरामदगी नहीं हो सकी है।
एसएसपी बोलीं- मुख्य सर्वर में सुरक्षित है भर्ती का डाटा
मामला एसएसपी बीबी जीटीएस मूर्ति के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने जांच के आदेश दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि DVPST से भर्ती संबंधी डाटा या अभिलेख गायब होने की सूचना भ्रामक है। भर्ती का डाटा मुख्य सर्वर में सुरक्षित रहता है और परीक्षा के दिन ही उसे अपलोड किया जाता है।
अब एसपी लाइन की जांच में यह स्पष्ट होगा कि केंद्र से वास्तव में कौन-कौन सा सामान गायब हुआ और उसका भर्ती संबंधी डाटा से कोई संबंध था या नहीं।

No comments:
Post a Comment