प्रेमिका ने मिलने बुलाया, हिस्ट्रीशीटर भाई ने साथियों संग बरसाईं गोलियां
शास्त्रीनगर में कपड़ा कारोबारी के बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन गोलियां लगीं; प्रेमिका भी मौके पर मौजूद, हमलावर फरार
मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर सेक्टर-4 में प्रेम प्रसंग के विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। पुलिस के अनुसार हिस्ट्रीशीटर की बहन ने युवक को बातचीत के लिए बुलाया था। युवक वहां पहुंचा तो हिस्ट्रीशीटर भाई ने अपने दो साथियों के साथ उसे घेर लिया और पिस्टल से फायरिंग कर दी। हमले में युवक को तीन गोलियां लगी हैं। गंभीर हालत में उसे गढ़ रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।
बातचीत के बाद लौटते समय घेरा
गंगानगर के सलारपुर गांव निवासी केबल कारोबारी शबाब आलम का बेटा अली अहमद उर्फ अली कपड़ों का कारोबार करता है। पुलिस के मुताबिक अली का जैदी फार्म निवासी हिस्ट्रीशीटर जमाल की बहन रूबी से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। अली को शक था कि रूबी का किसी अन्य युवक से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी भी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, दो-तीन दिन पहले जमाल और रूबी मुंबई से मेरठ आए थे। गुरुवार को रूबी ने फोन कर अली को शास्त्रीनगर सेक्टर-4 चौराहे के पास मिलने बुलाया। अली स्कूटी से वहां पहुंचा और रूबी से बातचीत की। इसके बाद जैसे ही वह स्कूटी लेकर लौटने लगा, जमाल ने अपने साथियों उवैश और शाहरून के साथ उसे घेर लिया।
तीन गोलियां लगने से सड़क पर गिरा
आरोप है कि जमाल और उसके साथियों ने अली पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अली को तीन गोलियां लगीं। दो गोली कूल्हे और एक कमर में लगी। गोली लगते ही वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज से आसपास दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अली को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, हमले के पीछे प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद की बात सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक अली के खिलाफ करीब तीन साल पहले अमान हत्याकांड में भी मुकदमा दर्ज हुआ था और वह जेल गया था। करीब एक वर्ष पहले वह जमानत पर बाहर आया था।

No comments:
Post a Comment