भारत के आसमान में गरजेंगे F-35, राफेल और F-16, जोधपुर में शुरू हुआ ‘तरंग शक्ति 2026’
40 से ज्यादा देशों की भागीदारी, भारतीय राफेल और सुखोई-30 भी होंगे अभ्यास का हिस्सा; 12 अक्टूबर तक चलेगा बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर शनिवार से बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति 2026’ का दूसरा संस्करण शुरू हो गया। अभ्यास में 40 से ज्यादा देशों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। अमेरिका के F-35, फ्रांस के राफेल और यूएई के F-16 समेत कई देशों के लड़ाकू और सहायक विमान इसमें हिस्सा लेंगे। अभ्यास 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चलेगा।
F-35, राफेल और F-16 पर नजर
अभ्यास में अमेरिका के दो से तीन F-35 पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान शामिल होने की जानकारी सामने आई है। फ्रांस राफेल लड़ाकू विमानों के साथ हिस्सा लेगा, जबकि यूएई F-16 विमानों के साथ अभ्यास करेगा। अलग-अलग देशों के परिवहन और अन्य सपोर्ट एयरक्राफ्ट भी इसमें शामिल होंगे।
भारत उतारेगा राफेल और सुखोई-30
भारतीय वायुसेना अपने राफेल और सुखोई-30 एमकेआई जैसे अग्रिम पंक्ति के लड़ाकू विमानों के साथ अभ्यास में भाग लेगी। इसके अलावा एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEW&C), परिवहन विमान और हवा में ईंधन भरने वाले टैंकर भी अभ्यास का हिस्सा होंगे। अभ्यास के दौरान विभिन्न देशों की वायुसेनाएं संयुक्त मिशन, मिशन प्लानिंग और संचालन से जुड़े अनुभव साझा करेंगी।
फ्रांस के राफेल भी दिखाएंगे दम
फ्रांस की एयर एंड स्पेस फोर्स के अधिकारी के मुताबिक फ्रांस इस अभ्यास में कुल सात राफेल विमान लेकर शामिल होगा। फ्रांस ने भारत के साथ रणनीतिक और परिचालन सहयोग को अभ्यास के महत्वपूर्ण पहलुओं में बताया है।
‘वीर गार्जियन’ के बाद जोधपुर में दूसरा बड़ा अभ्यास
तरंग शक्ति 2026 का आयोजन भारत-जापान के ‘वीर गार्जियन-2026’ हवाई अभ्यास के समापन के कुछ ही दिन बाद हो रहा है। वीर गार्जियन भी जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर 9 से 22 सितंबर तक आयोजित हुआ था, जिसमें भारतीय वायुसेना ने तेजस, सुखोई-30 एमकेआई और राफेल के साथ भाग लिया था।
तरंग शक्ति का पहला संस्करण 2024 में आयोजित किया गया था। दूसरे संस्करण में बड़ी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के साथ विभिन्न वायुसेनाओं को संयुक्त प्रशिक्षण और परिचालन अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा।

No comments:
Post a Comment