ट्रेनिंग के दौरान अमेरिका में F-16 फाइटर जेट क्रैश, पायलट घायल

मिशिगन में हादसे के बाद एक मील के दायरे का इलाका कराया खाली, खतरनाक केमिकल लीक होने की आशंका; पक्षी से टकराने की भी जांच

मिशिगन। अमेरिका के मिशिगन राज्य की ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी में गुरुवार दोपहर नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का एफ-16 फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट घायल हो गया, लेकिन उसने विमान से सुरक्षित बाहर निकलने में सफलता हासिल की। अधिकारियों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है। विमान टेक्सास नेशनल गार्ड की 149वीं फाइटर विंग का था और अल्पेना स्थित एयर नेशनल गार्ड कॉम्बैट रेडीनेस ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण मिशन पर निकला था।

पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया
टेक्सास मिलिट्री डिपार्टमेंट ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पायलट बाहर निकल गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। मिशिगन स्टेट पुलिस और ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ कार्यालय के अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

एक मील का इलाका खाली कराया
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद सुरक्षा को देखते हुए घटनास्थल के एक मील के दायरे में रहने वाले लोगों को इलाका खाली करने का आदेश दिया गया। अधिकारियों को विमान से खतरनाक रसायन के रिसाव की आशंका थी। इससे पहले स्थानीय लोगों को घरों के अंदर रहने और खिड़की-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई थी। काउंटी रोड 633 और ब्लेयर टाउनहॉल रोड के पास हुए हादसे के बाद आसपास की सड़कें बंद कर दी गईं और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने को कहा गया।

पक्षी से टकराने की आशंका भी जांच के दायरे में
रिपोर्ट के मुताबिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल के ऑडियो से संकेत मिला है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले विमान संभवत: किसी पक्षी से टकराया था। हालांकि, सैन्य अधिकारियों ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts