झोलाछाप के इलाज से बच्ची की हालत बिगड़ी, भाकियू ने CMO कार्यालय घेरा
प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक सील किया, डॉक्टर के खिलाफ मुकदमे की तहरीर भेजने की कार्रवाई
मेरठ। सरधना में एक बच्ची की हालत कथित तौर पर गलत इलाज के बाद बिगड़ने के मामले में भारतीय किसान यूनियन (आजाद) ने शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय का घेराव किया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नितिन बालियान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर स्वास्थ्य विभाग से संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्लीनिक को सील कर दिया।
संगठन का आरोप है कि बच्ची का इलाज सरधना के एक कथित झोलाछाप डॉक्टर के यहां चल रहा था। इलाज के बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और वह गंभीर स्थिति में पहुंच गई। पीड़ित परिवार की शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर भाकियू ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
एक महीने से कार्रवाई की मांग का दावा
भाकियू जिलाध्यक्ष मुकुल राणा ने बताया कि पीड़ित परिवार करीब एक महीने से संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सीएमओ कार्यालय के चक्कर लगा रहा था। कार्रवाई नहीं होने पर परिवार ने संगठन से संपर्क किया। इसके बाद शुक्रवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सीएमओ कार्यालय पहुंचे और धरना-प्रदर्शन शुरू किया।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। संगठन पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग से बच्ची को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और मामले की जांच कराने की मांग भी रखी।
स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक किया सील
प्रदर्शन के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित क्लीनिक को सील कर दिया। संगठन के मुताबिक डॉक्टर के खिलाफ सरधना थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर भेजने की कार्रवाई भी की गई है।
भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन बालियान ने कहा कि बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने के लिए संगठन आगे भी संघर्ष करेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक सिरोही, प्रदेश सचिव अंशु चौधरी, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष कार्तिक चौहान, पवन शुक्ला, सुशील वर्मा, सुहैल, अंकित, अंकुर, सतीश, गोलू, युवराज, शोएब, सौरभ, अनु प्रधान, वंश प्रधान, कासिम, अनस, विक्की, विक्रांत, शुभम, आयुष मलिक, अरविंद चौहान और मयंक चौहान समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment