शादी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म का आरोप, सिपाही पर न्यूड वीडियो बनाने और धमकाने का भी दावा

स्नैपचैट पर हुई थी दोस्ती; मेरठ और आगरा के होटलों में कई बार दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने महिला थाना सीओ को सौंपी जांच

मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की एक किशोरी ने आगरा में तैनात यूपी पुलिस के सिपाही पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। किशोरी ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। उसका आरोप है कि आरोपी सिपाही ने मेरठ और आगरा में उसे होटल में बुलाकर दुष्कर्म किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बनाया।

किशोरी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले उसकी आरोपी सिपाही से स्नैपचैट के जरिए दोस्ती हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद सिपाही ने उससे शादी करने का वादा किया। किशोरी का आरोप है कि भरोसा जीतने के बाद आरोपी उसे मेरठ के एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आगरा में भी कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है।

होटल में बुलाकर बनाया वीडियो

शिकायत के अनुसार, करीब एक महीने पहले आरोपी ने किशोरी को रोहटा रोड पर बुलाया और एक होटल में ले गया। किशोरी का आरोप है कि वहां उसने शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद सरकारी पिस्टल दिखाकर डराया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

किशोरी ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसका न्यूड वीडियो बनाया और उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी। उसने पुलिस अधिकारियों को कुछ फोटो और अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराने की बात कही है।

थाने में सुनवाई न होने का आरोप

किशोरी का कहना है कि उसने मामले की शिकायत कंकरखेड़ा और लोहियानगर थाने में भी की थी, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि शिकायत की जानकारी आरोपी और उसकी मां तक पहुंच गई। इसके बाद दोनों थाने पहुंचे और वहां उसके साथ मारपीट की गई।

किशोरी ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

महिला थाना सीओ को सौंपी जांच

पुलिस अधिकारियों ने शिकायत की जांच सीओ महिला थाना को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी सिपाही की ओर से भी किशोरी के खिलाफ शिकायत दी गई है। सिपाही ने उसे कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts