पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
विद्युत तार चोरी की घटनाओं का खुलासा, तीन नाबालिग भी हिरासत में; नकदी, बाइक और तार काटने के उपकरण बरामद
मेरठ। भावनपुर थाना पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण की विद्युत तार चोरों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी आमिर उर्फ गोल्डन के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह के अनुसार, भावनपुर थाना क्षेत्र में विद्युत तार और उपकरण चोरी की कई घटनाएं सामने आई थीं। इनमें अल्टीनेटर से तांबा चोरी करने, कॉपर वायर चोरी करने और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने के मामले शामिल हैं। इन घटनाओं के संबंध में मुकदमा संख्या 239/2026 और 302/2026 दर्ज किए गए थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, 4-5 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ आरोपी दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना पर भावनपुर पुलिस और स्वाट टीम ग्रामीण की संयुक्त टीम औरंगाबाद से किनानगर के बीच निर्माणाधीन हाईवे के पास चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आमिर उर्फ गोल्डन के पैर में गोली लग गई। उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
कॉम्बिंग में अन्य साथी भी पकड़े
मुठभेड़ के दौरान कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान नाजिम, समीर और फैजान समेत अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, एक मोटरसाइकिल और तार काटने के उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
दो आरोपियों की पहचान
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आमिर उर्फ गोल्डन पुत्र आस मोहम्मद, ग्राम जलालपुर शहबिस्वा, डबल टंकी के पास, थाना मुरादनगर, गाजियाबाद का रहने वाला है। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ है।
दूसरे आरोपी नाजिम पुत्र हबीबुर्रहमान का मूल पता ग्राम मुमरेजपुर, थाना अहमदगढ़, बुलंदशहर बताया गया है। वर्तमान में वह मुरादनगर, गाजियाबाद में रह रहा था। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका और उनसे जुड़ी चोरी की वारदातों की जांच कर रही है।


No comments:
Post a Comment