आईआईएमटी विश्वविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्मजीव दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं व्याख्यान का आयोजन
मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ साइंसेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा माइक्रोबायोलॉजिस्ट्स सोसाइटी, इंडिया के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय सूक्ष्मजीव दिवस के अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय अदृश्य की खोज, संभव को समृद्ध करना रहा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए माइक्रोबायोलॉजी क्विज, स्किट प्रतियोगिता, माइक्रोबियल रैम्प वॉक तथा माइक्रोबियल स्टैंड-अप कॉमेडी प्रतियोगिता आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने सूक्ष्मजीवों के महत्व, उनके लाभकारी एवं हानिकारक प्रभावों और मानव जीवन में उनकी भूमिका को रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया। माइक्रोबियल रैम्प वॉक में विद्यार्थियों ने विभिन्न सूक्ष्मजीवों पर आधारित आकर्षक परिधानों के साथ वैज्ञानिक जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में डॉ. बिशाल कुमार मिश्रा, सहायक प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, कृषि विभाग, आईआईएमटी विश्वविद्यालय द्वारा ‘सस्टेनेबल खेती के लिए इनोवेशनरू माइक्रोबियल बायो-फर्टिलाइज़र और बायो-पेस्टिसाइड्स’ विषय पर अतिथि व्याख्यान दिया गया। उन्होंने टिकाऊ कृषि, जैव उर्वरकों एवं जैव कीटनाशकों में सूक्ष्मजीवों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ लाइफ साइंसेज की डीन प्रो. (डॉ.) विनीता शुक्ला, माइक्रोबायोलॉजी विभाग की प्रो. (डॉ.) मुक्ता शर्मा एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अभा वर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. रीतू गौर एवं डॉ. शिवानी त्यागी रहे।
इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा सूक्ष्मजीवों के महत्व को जनसामान्य तक पहुँचाना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

No comments:
Post a Comment