एआई से रोजगार के नए अवसर, विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ना जरूरी

सीसीएसयू के उर्दू विभाग में ‘एआई और रोजगार’ पर ऑनलाइन कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने कौशल विकास पर दिया जोर

मेरठ, 17 सितंबर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग और आयुसा के संयुक्त तत्वावधान में ‘एआई और रोजगार’ विषय पर ऑनलाइन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के उर्दू विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं साहित्यकार प्रो. सगीर इफ़राहीम ने की। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी और विद्यार्थियों के लिए एआई बहुत जरूरी है। एआई का उपयोग साहित्य, मीडिया, फिल्म, शोध और न्यायपालिका समेत विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रहा है। यह तकनीक दोधारी तलवार की तरह है, इसलिए इसका जिम्मेदारी से उपयोग और लगातार उन्नयन जरूरी है।

उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो. असलम जमशेदपुरी ने कहा कि एआई विद्यार्थियों और युवाओं के लिए अनेक कार्य आसान कर सकता है। फिल्म, बाजार और डिजिटल माध्यमों में इसका उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

आईटी वेब हट की संस्थापक एवं चेयरपर्सन शुभ्रा वशिष्ठ ने कहा कि विद्यार्थियों को ज्ञान के साथ अपनी कार्य-कुशलता और कौशल भी बढ़ाना होगा। अपने मौजूदा क्षेत्र को छोड़ने के बजाय उसमें एआई को शामिल करना चाहिए। एआई शब्दों को व्यवस्थित कर सकता है, अनुवाद में मदद कर सकता है और हुनर को निखारने में उपयोगी है, लेकिन भावनाएं नहीं दे सकता।

एआई मित्र के एमडी मुहम्मद आरिफ उमैर ने कहा कि एआई कोई जादू नहीं, बल्कि मनुष्य द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली तकनीक है। डिग्री के साथ कौशल भी जरूरी है। एआई शिक्षा और रोजगार की दुनिया में बदलाव ला रहा है। हमें अपने हुनर को नई उड़ान देने के साथ उसे लगातार तराशना होगा।

एआई मित्र के सीईओ मुहम्मद औरंगज़ेब ने कहा कि एआई से शोध सामग्री और विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी आसानी से जुटाई जा सकती है। बेरोजगार युवा भी इसका उपयोग कर रोजगार के नए अवसर तैयार कर सकते हैं। आयुसा की अध्यक्ष प्रो. रेशमा परवीन ने भी एआई को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।

कार्यक्रम की शुरुआत सईद अहमद ने कुरआन की तिलावत से की। स्वागत भाषण मुहम्मद नदीम ने दिया। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अलका वशिष्ठ ने किया। कार्यक्रम में डॉ. आसिफ अली, डॉ. शादाब अलीम, डॉ. इरशाद स्यानवी, फरहत अख्तर, मुहम्मद शमशाद समेत छात्र-छात्राएं ऑनलाइन जुड़े।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts