यूपी की डिजिटल गन्ना व्यवस्था सीखने बिहार से यूपी आएगी टीम
‘स्मार्ट गन्ना किसान’ पोर्टल और ई-गन्ना ऐप की कार्यप्रणाली का करेगी अध्ययन
लखनऊ, 20 सितंबर। उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास विभाग द्वारा विकसित ‘स्मार्ट गन्ना किसान’ (SGK) पोर्टल और ‘ई-गन्ना ऐप’ की डिजिटल व्यवस्था का अध्ययन करने के लिए बिहार सरकार के ईख पदाधिकारी, PMU गन्ना उद्योग विभाग तथा तकनीकी एजेंसी Dexian India Technology Pvt. Ltd. का तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल 21 और 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल पोर्टल और ऐप की कार्यप्रणाली का जमीनी स्तर पर अध्ययन करेगा।
प्रदेश में करीब 48 लाख गन्ना आपूर्तिकर्ता किसानों को सुगम एवं निर्बाध गन्ना आपूर्ति की सुविधा देने के लिए 158 सहकारी गन्ना विकास समितियों, 28 चीनी मिल समितियों और 121 चीनी मिलों के बीच समन्वय स्थापित कर ‘स्मार्ट गन्ना किसान प्रोजेक्ट’ संचालित किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल लखनऊ स्थित लाल बहादुर शास्त्री गन्ना किसान संस्थान में ऑनलाइन गन्ना सर्वेक्षण, बेसिक कोटा, गन्ना कैलेंडरिंग, पारदर्शी पर्ची निर्गमन, गन्ना आपूर्ति, मूल्य भुगतान, ऑनलाइन पर्ची वितरण और रियल टाइम सप्लाई ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाओं की जानकारी लेगा। साथ ही किसानों की समस्याओं के ऑनलाइन त्वरित निस्तारण, अनुश्रवण और नियंत्रण की प्रक्रिया का भी अध्ययन किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की डिजिटल गन्ना व्यवस्था में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और किसान सुविधा को देखते हुए अन्य राज्यों की भी इसमें रुचि बढ़ी है। बिहार सरकार का प्रतिनिधिमंडल यूपी की इस व्यवस्था को समझने और अपने राज्य में इसके उपयोग की संभावनाओं का अध्ययन करने आ रहा है। कार्यक्रम में ईख पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी सौरभ सिन्हा, PMU गन्ना उद्योग विभाग के नितिन कुमार तथा Dexian India Technology Pvt. Ltd. के नितिन शेखर, विकास कुमार और सुमित गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी शामिल होंगे। इस अवसर पर आयुक्त गन्ना एवं चीनी तथा अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन) अभिषेक आनंद समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

No comments:
Post a Comment