गुरु तेग बहादुर और ऋषभ पब्लिक स्कूल ने दर्ज की शानदार जीत

प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के वार्मअप मैचों में रोमांचक मुकाबले; जूनियर वर्ग में ऋषभ ने दो विकेट से बाजी मारी

मेरठ। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल में अक्तूबर के पहले सप्ताह से शुरू होने वाले प्रथम ऑल इंडिया चौधरी नरेंद्र सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत रविवार को तीन वार्मअप मैच खेले गए। इनमें ऋषभ पब्लिक स्कूल और गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दमखम दिखाया।

ऋषभ एकेडमी ने जेएमएस वर्ल्ड स्कूल को चार रन से हराया

पहले मुकाबले में ऋषभ एकेडमी स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 141 रन बनाए। रहमान ने 37, रेयांश ने 35 और अनस ने 32 रन का योगदान दिया। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए हमैन ने तीन, जबकि वंश और याहया ने दो-दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेएमएस वर्ल्ड स्कूल की टीम 18 ओवर में 137 रन ही बना सकी। मीत ने 33, अजान ने 32 और विराट ने 31 रन बनाए। ऋषभ एकेडमी की ओर से रियांश और प्रिंस ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। ऋषभ एकेडमी ने मुकाबला चार रन से अपने नाम किया।

गुरु तेग बहादुर स्कूल ने मसूरी पब्लिक को आठ रन से हराया

दूसरे मुकाबले में गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 178 रन बनाए। मन्नू ने 47 और चिराग ने 41 रन की पारी खेली। मसूरी पब्लिक स्कूल की ओर से असकान ने चार और अनिक ने तीन विकेट लिए।

178 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मसूरी पब्लिक स्कूल की टीम 170 रन तक ही पहुंच सकी और आठ रन से मुकाबला हार गई। आदित्य ने 47 और तोहदूर ने 39 रन बनाए। गुरु तेग बहादुर पब्लिक स्कूल की ओर से सुभान ने तीन, जबकि मन्नू और अभय ने दो-दो विकेट लिए।

जूनियर वर्ग में ऋषभ ने दो विकेट से मारी बाजी

तीसरे मुकाबले में जूनियर वर्ग की टीमों के बीच जेएमएस वर्ल्ड स्कूल और ऋषभ पब्लिक स्कूल का मुकाबला हुआ। जेएमएस वर्ल्ड स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 161 रन बनाए। देव शर्मा ने 40, कबीर ने 36 और राघव ने 35 रन बनाए। ऋषभ की ओर से लक्ष्य ने चार, युग ने तीन और परमजोत ने दो विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऋषभ पब्लिक स्कूल की टीम ने 18.1 ओवर में आठ विकेट खोकर 162 रन बनाते हुए दो विकेट से जीत हासिल कर ली। आरिश ने 42, भविक ने 40 और कबीर ने 38 रन बनाए। जेएमएस की ओर से सार्थक, कार्तिक और नकुल ने दो-दो विकेट लिए।

क्रिकेट कोच अतहर अली ने बताया कि सोमवार को सीनियर वर्ग में टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच खेला जाएगा। अक्तूबर के पहले सप्ताह से शुरू होने वाले मुख्य टूर्नामेंट को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह बना हुआ है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts