इकरा हसन बोलीं- 2027 में बनेगी सपा सरकार, नफरत की राजनीति का जवाब देंगे भाईचारे से
सरधना में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में विचार गोष्ठी और प्रतिभा सम्मान समारोह; महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और शिक्षा पर दिया जोर
मेरठ। सरधना के सेंट चार्ल्स इंटर कॉलेज में रविवार को पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की स्मृति में विचार गोष्ठी एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने युवाओं और छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने डॉ. कलाम के जीवन और संघर्ष को याद करते हुए शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और राजनीतिक भागीदारी पर जोर दिया।
इकरा हसन ने कहा कि डॉ. कलाम साधारण परिवार से आए और अपनी मेहनत व लगन के दम पर देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने युवाओं से उनके विचारों को आत्मसात करने और लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने तभी पूरे होंगे, जब वे उन्हें साकार करने के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे।
महिलाओं की सदन में भागीदारी बढ़ाने पर जोर
सांसद ने कहा कि उत्तर प्रदेश से संसद और विधानसभा तक पहुंचने वाली महिलाओं की संख्या अभी कम है। उन्होंने महिलाओं को राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में आगे आने की जरूरत बताई। इकरा हसन ने कहा कि शिक्षा ही तरक्की का सबसे बड़ा माध्यम है और बेटियों को शिक्षा का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।
साइकिल को बताया आत्मनिर्भरता का प्रतीक
कार्यक्रम में छात्राओं को साइकिल वितरित किए जाने का जिक्र करते हुए इकरा हसन ने कहा कि साइकिल केवल सवारी का साधन नहीं, बल्कि अपने दम पर आगे बढ़ने की सोच का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
अतुल प्रधान की सराहना, चुनाव में समर्थन की अपील
इकरा हसन ने सरधना विधायक अतुल प्रधान के कार्यों की सराहना करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतुल प्रधान ने क्षेत्र में मेहनत की है और अब जनता को उनकी मेहनत का परिणाम देना चाहिए।
भाजपा पर लगाए नफरत की राजनीति के आरोप
इकरा हसन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि समाज में नफरत की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका जवाब आपसी भाईचारे और एकजुटता से दिया जाना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) का उल्लेख करते हुए इसे पार्टी की ताकत बताया। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
अतुल प्रधान बोले- सरकार बनने पर भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम
कार्यक्रम में सपा नेता जावेद आब्दी और समाजवादी चिंतक डॉ. लक्ष्मण यादव ने भी विचार रखे। सरधना विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना और तहसील स्तर पर भ्रष्टाचार को पांच दिन में खत्म करने का दावा किया। इस दौरान उन्होंने अपने कार्यकाल में सरधना बिजलीघर, गंगनहर पटरी, मेरठ-करनाल फोरलेन और सरधना-नानू मार्ग से जुड़े विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

No comments:
Post a Comment