सेमीफाइनल में भारत ने 195 रन बनाए, बांग्लादेश की टीम 81 रन पर सिमटी; 22 सितंबर को होगा फाइनल

नयी दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 114 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारत ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है।

शैफाली ने 49 गेंदों में जड़ा शतक

भारत की जीत की नींव शैफाली वर्मा ने रखी। उन्होंने 49 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और नौ छक्के शामिल रहे। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने शतक पूरा किया। यह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में उनका पहला शतक रहा। उनके अलावा स्मृति मंधाना ने 19 गेंदों में 37 और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंदों में 40 रन बनाए।

गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 81 रन पर समेटा

196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। जुएरिया फिरदौस खाता खोले बिना आउट हो गईं। दिलीरा अख्तर ने 27 रन और सुल्ताना खातून ने 12 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। भारत की ओर से नंदनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए।

22 सितंबर को श्रीलंका से फाइनल

पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। अब 22 सितंबर को गोल्ड मेडल के मुकाबले में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। वहीं कांस्य पदक के लिए पाकिस्तान और बांग्लादेश की भिड़ंत होगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts