शिलांग में सिलसिलेवार चार बम हमले, सरकारी दफ्तर और पुलिस ठिकाने बने निशाना

16 सितंबर की शाम से 17 सितंबर तड़के तक वारदातें; पेट्रोल बम से DHS परिसर में आग, पुलिस बूथ भी फूंका, हमलावरों का सुराग नहीं

शिलांग। मेघालय की राजधानी शिलांग में सरकारी कार्यालयों और पुलिस ठिकानों को निशाना बनाकर चार सिलसिलेवार बम हमलों से हड़कंप मच गया। 16 सितंबर की शाम से 17 सितंबर की सुबह तक अलग-अलग इलाकों में पेट्रोल बम फेंके गए। हालांकि किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं है। लगातार हमलों के बाद पुलिस और प्रशासन ने सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।

DHS परिसर में पेट्रोल बम से आग

गुरुवार तड़के लाइतुम्खराह इलाके में स्वास्थ्य सेवा निदेशालय (DHS) के परिसर में पेट्रोल बम फेंका गया। इससे परिसर में आग लग गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीमों ने आग पर काबू पाया। इसी दौरान नोंगमेनसॉन्ग इलाके में एक पुलिस बूथ को भी आग के हवाले कर दिया गया।

थाने और खनिज संसाधन कार्यालय पर भी हमला

इससे कुछ घंटे पहले बुधवार रात लुमडिंगजरी पुलिस थाने पर पेट्रोल बम फेंका गया था। बम थाना प्रभारी के कमरे के पीछे गिरा, जिससे मामूली नुकसान हुआ। बुधवार शाम रिसा कॉलोनी स्थित खनिज संसाधन निदेशालय (DMR) के कार्यालय को भी निशाना बनाया गया। यहां पेट्रोल बम से एक कर्मचारी के निजी वाहन को नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

लगातार हुई इन घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक हमलावरों और हमलों के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। सरकारी और पुलिस प्रतिष्ठानों के आसपास सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts