होमगार्ड भर्ती परीक्षा में इंजेक्शन का सहारा! 

दौड़ से पहले बढ़ाई जा रही ताकत, स्टेडियम के शौचालय में मिले रैपर-सिरिंज

मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में न्यूट्रीशनल सप्लीमेंट इंजेक्शन के इस्तेमाल की आशंका; पुलिस ने बढ़ाई निगरानी, कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

मेरठ। होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन के लिए कुछ अभ्यर्थियों द्वारा न्यूट्रीशनल सप्लीमेंट इंजेक्शन के इस्तेमाल की आशंका सामने आई है। कैलाश प्रकाश स्टेडियम के शौचालयों के आसपास इंजेक्शन और सिरिंज के रैपर मिलने के बाद पुलिस और भर्ती अधिकारियों ने निगरानी बढ़ा दी है। सबसे अधिक रैपर पालीबायान इंजेक्शन के बताए जा रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि इन्हीं अभ्यर्थियों ने इंजेक्शन का इस्तेमाल किया था।

शौचालयों के पास मिले रैपर

स्टेडियम में जांच के दौरान शौचालय के आसपास इंजेक्शन और सिरिंज के रैपर पड़े मिले। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने कुछ रैपर हटवाए, लेकिन कई रैपर अभी भी वहां मौजूद बताए गए हैं। अधिकारियों को आशंका है कि कुछ अभ्यर्थी दौड़ से पहले चोरी-छिपे ऐसे सप्लीमेंट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

नोडल अधिकारी अवनीश कुमार के अनुसार स्टेडियम में पुलिस की तैनाती की गई है। भर्ती शुरू होने से पहले शौचालयों और स्टेडियम के बाहर भी निगरानी रखी जाएगी। अभ्यर्थियों को दौड़ के दौरान किसी भी प्रकार के इंजेक्शन या दवा का इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी जा रही है। स्टेडियम में चिकित्सकों की टीम भी तैनात है। चक्कर आने या कमजोरी महसूस होने पर अभ्यर्थियों को ओआरएस दिया जा रहा है।

दो दिन में कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ी

शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान मंगलवार को 11 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई थी। इसी दौरान एक पूर्व सैनिक की मौत भी हो गई थी। बुधवार को नौ अभ्यर्थियों को तबीयत बिगड़ने पर लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि करीब 10 अन्य को स्टेडियम में मौजूद चिकित्सकों ने उपचार दिया। दौड़ पूरी करने के बाद अभ्यर्थियों को ओआरएस का घोल भी दिया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts