ब्लैक स्पॉट और अवैध कट पर सख्ती, लापरवाही पर वेतन कटेगा
डीएम ने सड़क सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता, हाईवे पर फुटओवर ब्रिज और सड़कों के पेंचवर्क में गुणवत्ता के निर्देश
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ब्लैक स्पॉट और अवैध कटों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए।
डीएम ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट पर जल्द सुधारात्मक कार्य पूरा कराने और प्रत्येक स्थान के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा। शहर में संचालित अवैध कटों को बंद कराने के भी निर्देश दिए गए।
हाईवे पर फुटओवर ब्रिज के लिए चिन्हित होंगे स्थान
बिजनौर और करनाल हाईवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एनएचएआई को आवश्यकता वाले स्थानों को चिह्नित कर फुटओवर ब्रिज के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शहर में विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए भी स्थलों का चिन्हांकन कर विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई के लिए कहा गया।
पेंचवर्क में गुणवत्ता से समझौता नहीं
डीएम ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, एनसीआरटीसी समेत संबंधित विभागों को सड़कों की मरम्मत और पेंचवर्क जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। नगर निगम को सीएम ग्रिड, स्ट्रीट लाइट और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य कार्य भी दुरुस्त कराने को कहा गया।
दो अधिकारियों पर वेतन कटौती की कार्रवाई
बैठक में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर डीएम ने दोनों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
बैठक में सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment