भजनों पर झूमे श्रद्धालु, गूंजा ‘एक शाम खाटू वाले के नाम’

शास्त्रीनगर में पहली विशाल खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन, छप्पन भोग के साथ बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित

मेरठ। श्री श्याम परिवार, ई-ब्लॉक शास्त्रीनगर की ओर से शुक्रवार को महाराणा प्रताप पार्क नंबर पांच में प्रथम विशाल श्री खाटू श्याम भजन-संध्या ‘एक शाम खाटू वाले के नाम’ का आयोजन किया गया। बाबा के भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया और देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में झूमते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. ब्रज भूषण ने उद्घाटन कर तथा विशिष्ट अतिथि शालिनी अग्रवाल, संस्थापिका एवं राष्ट्रीय अध्यक्षा शीश का दानी समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट, ने श्री खाटू श्याम बाबा की ज्योत प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सुमित मिश्रा, पार्षद वार्ड नंबर चार, विशेष अतिथि रहे।

भजन संध्या में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई। मंच संचालन अमित कुमार गुप्ता ने किया। गायक अक्षित विशिष्ट ने ‘साथी हमारा कौन बनेगा, तुम ना सुनोगे तो कौन सुनेगा’, अमित कुमार ने ‘सांसों का बना के हार बाबा को चढ़ा दे’ और गोपाल प्रजापति ने ‘आ गया सांवरा भक्तों की किस्मत जगाने को’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर सैकड़ों श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे।

इस अवसर पर शालिनी अग्रवाल ने कहा कि “जीवन में हारे हुए भक्तों का सहारा बन जाता है खाटू श्याम हमारा।” उन्होंने श्रद्धालुओं को बाबा के प्रति आस्था और सेवा भाव का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए। श्री श्याम परिवार के पदाधिकारियों जे.पी. पाल, मनोज खुराना, सुमित अग्रवाल, समिता अग्रवाल, अनिल गेरा, प्रवीण कुमार अग्रवाल, एडवोकेट पराग सक्सेना, विवेक मित्तल, पंकज गुप्ता, अनिल अग्रवाल, नरेश मल्होत्रा, हरिकिशन गर्ग, सुष्मिता गुप्ता, सुमन लता, पूजा खुराना, मेघना अग्रवाल, नीलम सक्सेना, साधना राजपूत, संजीव कुमार गुप्ता, नरेश चंद्र शर्मा और कृष्ण कुमार त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts