यूपी समेत सात राज्यों के स्कूलों में एआई और डिजिटल क्रिएटिविटी सिखाएगा अडोबी

हजारों सरकारी स्कूलों को मिलेगा अडोबी एक्सप्रेस का निशुल्क एक्सेस, 78 लाख विद्यार्थियों-शिक्षकों तक पहुंचने का लक्ष्य

मेरठ। ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी अडोबी ने उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली, उत्तराखंड, गोवा, असम, बिहार और तमिलनाडु सरकारों के साथ साझेदारी की है। एमओयू के तहत कंपनी हजारों सरकारी स्कूलों को अडोबी एक्सप्रेस फॉर एजुकेशन की निशुल्क सुविधा उपलब्ध कराएगी। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों में डिजिटल क्रिएटिविटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और भविष्य के रोजगार के लिए जरूरी कौशल विकसित करना है। कंपनी के अनुसार यह पहल देशभर में करीब 78 लाख विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुंचेगी।

अडोबी की ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट एवं जनरल मैनेजर, एजुकेशन माला शर्मा ने कहा कि क्लासरूम में उपयोगी एआई टूल उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों और शिक्षकों में भविष्य के कार्यक्षेत्र के लिए जरूरी रचनात्मक और तकनीकी कौशल विकसित होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल टूल्स और एआई के उपयोग को बढ़ावा देगी।

अभियान के तहत विद्यार्थियों और शिक्षकों को अडोबी डिजिटल एकेडमी का क्रिएटिव और एआई स्किल-बिल्डिंग पाठ्यक्रम भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें क्रिएटिव प्रॉब्लम सॉल्विंग, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और एआई आधारित कंटेंट निर्माण जैसे कौशल शामिल होंगे। शिक्षकों को कक्षा में डिजिटल क्रिएटिविटी को शामिल करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि विद्यार्थी स्कूल प्रोजेक्ट और रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए अडोबी एक्सप्रेस का इस्तेमाल कर सकेंगे।

यह पहल पीएम श्री, सीएम श्री, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) और अन्य सरकारी स्कूलों तक पहुंचाई जाएगी। भविष्य में इसे और राज्यों एवं स्कूलों तक विस्तारित करने की योजना है।

अडोबी के अनुसार, भारत में कंपनी की मौजूदगी करीब तीन दशक पुरानी है। वर्ष 1997 में इंजीनियरिंग एवं आरएंडडी सेंटर से शुरू हुआ भारत में उसका संचालन आज ग्लोबल इनोवेशन और प्रोडक्ट डेवलपमेंट का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। भारत में कंपनी के 8,000 से अधिक कर्मचारी हैं, जो अमेरिका के बाहर अडोबी का सबसे बड़ा कार्यबल है। कंपनी ने हाल में भारत में अपना सातवां कार्यालय भी खोला है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts