महानंदा एक्सप्रेस डिरेल, दो कोच पटरी से उतरे

गलत सिग्नल से दिल्ली की जगह सासाराम लाइन पर गई ट्रेन, स्टेशन मास्टर निलंबित

आरा। अलीपुरद्वार जंक्शन से दिल्ली जा रही 15483 महानंदा एक्सप्रेस रविवार तड़के आरा रेलवे स्टेशन के पास डिरेल हो गई। ट्रेन के दो कोच पटरी से उतर गए। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बहाली का काम शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद डिरेल कोचों को अलग कर ट्रेन को रवाना किया गया।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन सुबह करीब 4:12 बजे आरा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। यहां से उसे दिल्ली की ओर रवाना होना था, लेकिन परिचालन के दौरान सिग्नल सासाराम लाइन की ओर चला गया। ट्रेन गलत लाइन पर करीब 200 मीटर आगे बढ़ी, जहां दो कोच पटरी से उतर गए। हादसे के कारण दिल्ली-हावड़ा रेल रूट प्रभावित हुआ और कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।

हादसे के बाद आरा स्टेशन के स्टेशन प्रबंधक एनके राय को निलंबित कर दिया गया। राय ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 4:20 बजे घटना की सूचना मिली और वह तत्काल मौके पर पहुंचे। उनके मुताबिक हादसा गलत सिग्नल मिलने के कारण हुआ। उन्होंने अपनी ओर से किसी लापरवाही से इनकार किया है।

वहीं, लोको पायलट उमाशंकर पांडेय ने बताया कि उन्हें ग्रीन सिग्नल मिला था। आगे बढ़ने पर उन्होंने देखा कि ट्रेन का पॉइंट दूसरी दिशा में बना हुआ है। उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी। बाद में ट्रेन को रिवर्स करने के दौरान तकनीकी दिक्कत आने की बात भी उन्होंने बताई।

रेलवे की तकनीकी टीम ने ट्रैक और सिग्नल सिस्टम की जांच शुरू कर दी है। दानापुर रेल मंडल के डीआरएम विनोद कुमार भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts