मेरठ-नोएडा के बीच एसी डबल डेकर बस सेवा शुरू
78 किमी के सफर का किराया 124 रुपये, हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट; दो इलेक्ट्रिक बसों का फिलहाल ट्रायल
मेरठ। मेरठ से नोएडा जाने वाले यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने मेरठ-नोएडा के बीच एसी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की है। फिलहाल दो बसों का ट्रायल चल रहा है। बैटरी क्षमता के अनुसार इनके फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।
बसें नोएडा के सिटी सेंटर मोरना इलेक्ट्रिक बस डिपो से संचालित हो रही हैं। पहली बस सुबह छह बजे नोएडा से मेरठ के लिए रवाना होती है। डीएमई के रास्ते सिद्धार्थ विहार, दुहाई, मोदीनगर, परतापुर, रिठानी, शॉप्रिक्स मॉल, भैंसाली बस अड्डा और बेगमपुल होते हुए बस मोदीपुरम तक जाती है। दूसरी बस नोएडा से मोदीनगर के लिए संचालित की जा रही है।
65 यात्रियों के लिए सीटें, चार्जिंग की सुविधा
एसी डबल डेकर बस में ऊपर और नीचे कुल 65 सीटों की व्यवस्था है। प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट दिए गए हैं। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को सफर के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी।
78 किमी का किराया 124 रुपये
नोएडा सिटी सेंटर से मोदीपुरम तक करीब 78 किलोमीटर की दूरी का किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है। सोमवार से शुरू हुई सेवा के तहत डबल डेकर बस जब भैंसाली बस अड्डे पहुंची तो यात्रियों के बीच आकर्षण का केंद्र रही।

No comments:
Post a Comment