सीलिंग-बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ मेरठ में व्यापारी लामबंद, बड़े आंदोलन की तैयारी

व्यापारियों ने संयुक्त व्यापार संघ से मांगी आंदोलन की अगुवाई, दो-तीन दिन में तारीख का ऐलान

मेरठ। आवास विकास, नगर निगम और मेरठ विकास प्राधिकरण (एमडीए) की ओर से चल रही सीलिंग और बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में व्यापारी संगठनों ने बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। जागृति विहार के व्यापारियों ने संयुक्त व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता के साथ ट्रांसपोर्ट नगर में बैठक कर कार्रवाई के खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू करने की मांग उठाई।

कार्रवाई पर जताया विरोध

बैठक में व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से व्यापारी और आम लोग प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आवास विकास, नगर निगम और एमडीए की कार्रवाई को गलत बताते हुए इसे तत्काल रोकने की मांग की। व्यापारियों का कहना था कि केवल ज्ञापन और वार्ता से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है, इसलिए बड़े और लगातार चलने वाले आंदोलन की जरूरत है।

दो-तीन दिन में तय होगी आंदोलन की तारीख

व्यापारियों की मांग पर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने आंदोलन की तैयारी पर सहमति जताई। उन्होंने कहा कि जल्द ही संघ के जिम्मेदार पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। व्यापार संघ के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों में बैठक के बाद आंदोलन की तारीख घोषित की जाएगी। इसके बाद व्यापक स्तर पर आंदोलन चलाने की तैयारी है।

बैठक में कई व्यापारी रहे मौजूद

बैठक में विजय राघव, रूपेश राघव, यश मोबाइल, विकास चौहान, देवेंद्र भाटी, राज टेलर, अनिल गोयल, रानी ठाकुर और मेरठ नमकीन के मांगेराम चौहान समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे। व्यापारियों ने संयुक्त व्यापार संघ के साथ मिलकर प्रस्तावित आंदोलन में भाग लेने की बात कही।



No comments:

Post a Comment

Popular Posts