स्मार्ट टेक्सटाइल्स में युवाओं के लिए खुल रहे करियर के नए रास्ते

सुभारती विश्वविद्यालय में ‘स्मार्ट टेक्सटाइल्स एवं वियरेबल टेक्नोलॉजी’ पर अतिथि व्याख्यान, तकनीक और फैशन के मेल की दी जानकारी

मेरठ। फैशन की दुनिया अब केवल डिजाइन और कपड़ों तक सीमित नहीं रह गई है। तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ स्मार्ट टेक्सटाइल्स और वियरेबल टेक्नोलॉजी तेजी से नए अवसरों का क्षेत्र बन रहे हैं। विद्यार्थियों को इस बदलती तकनीक और इसके व्यावहारिक उपयोगों से परिचित कराने के लिए स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के नंदलाल बोस सुभारती कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स एंड फैशन डिजाइन के फैशन एवं टेक्सटाइल डिजाइन विभाग की ओर से अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया।

अमृता शेरगिल कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ डॉ. पूजा, गृह विज्ञान, कृषि विज्ञान केंद्र मुजफ्फरनगर ने स्मार्ट टेक्सटाइल्स एवं वियरेबल टेक्नोलॉजी के तेजी से विकसित होते क्षेत्र की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वस्त्रों और आधुनिक तकनीक के मेल से फैशन एवं टेक्सटाइल उद्योग में नए प्रयोगों के साथ रोजगार और नवाचार की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं।

उन्होंने स्मार्ट टेक्सटाइल्स के व्यावहारिक उपयोगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाले समय में इनका इस्तेमाल स्वास्थ्य, सुरक्षा, खेल, फैशन और दैनिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने और नवाचार के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

व्याख्यान में विद्यार्थियों को टेक्सटाइल, तकनीक, स्थिरता और वियरेबल तकनीकी समाधानों के बीच विकसित हो रहे अंतरविषयक संबंधों की जानकारी मिली। संवादात्मक सत्र में विद्यार्थियों ने विभिन्न सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) वीके मित्तल और सीईओ प्रो. (डॉ.) शल्या राज के मार्गदर्शन में हुआ। फैकल्टी ऑफ फाइन आर्ट्स के डीन एवं प्राचार्य प्रो. (डॉ.) पिंटू मिश्रा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा सिंह ने समन्वय किया, जबकि संचालन डॉ. सुरभि दास ने किया। आयोजन में श्रद्धा यादव, अनिशा आनंद, डॉ. सुरभि दास, देवसुनी और अभिलाषा गर्ग का सहयोग रहा।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts