कक्षा से होटल इंडस्ट्री तक पहुंचा सुभारती विद्यार्थियों का ज्ञान
जेपी ग्रीन्स रिजॉर्ट में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने समझी हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली, सीखे सेवा और प्रोफेशनल व्यवहार के गुर
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के भिकाजी कामा सुभारती कॉलेज ऑफ होटल मैनेजमेंट के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए जेपी ग्रीन्स गोल्फ एंड स्पा रिजॉर्ट, ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को होटल उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू कराना और कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ना रहा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने होटल के विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, अतिथि सेवाओं, सेवा मानकों, ग्रूमिंग, संचार कौशल और प्रतिष्ठित होटल-रिसॉर्ट के व्यावसायिक वातावरण को करीब से समझा। विद्यार्थियों ने जाना कि होटल प्रबंधन में पढ़ाए जाने वाले सिद्धांतों को वास्तविक कार्यस्थल पर किस तरह लागू किया जाता है।
रिजॉर्ट के डिप्टी मैनेजर-ट्रेनिंग अंशुल शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने हॉस्पिटैलिटी उद्योग की कार्यशैली, व्यावसायिक अपेक्षाओं, करियर की संभावनाओं और कार्यस्थल की जरूरतों से अवगत कराया। उन्होंने उद्योग की बदलती आवश्यकताओं और पेशेवर जीवन की चुनौतियों की भी जानकारी दी।
व्यावहारिक अनुभव से बढ़ता है आत्मविश्वास
विभागाध्यक्ष डॉ. इंद्रनील बोस ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण कक्षा की पढ़ाई को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। इससे विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान, पेशेवर दृष्टिकोण और आत्मविश्वास विकसित होता है। होटल उद्योग में सफलता के लिए तकनीकी ज्ञान के साथ संचार कौशल, अनुशासन, व्यवहार-कौशल और अतिथि सेवा की समझ भी जरूरी है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) वीके मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय वास्तविक कार्य वातावरण का अनुभव देने पर जोर देता है। उद्योगों के साथ शैक्षणिक जुड़ाव विद्यार्थियों को बदलते व्यावसायिक परिवेश की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने में सहायक है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव जरूरी है। औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कार्यस्थल की वास्तविक चुनौतियों को समझने और भविष्य के करियर के लिए आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. इंद्रनील बोस के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन में डॉ. नितिन गुप्ता, डॉ. विकास शर्मा और कमलेश का विशेष सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment