मेडिकल कॉलेज के गेट पर पति ने पत्नी पर चाकू से किया हमला
पब्लिक ने आरोपी को पकड़कर पीटा, पुलिस को सौंपा
मेरठ। मायके आई पत्नी को बहाने से मेडिकल कॉलेज के गेट पर बुलाकर पति ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। महिला के चीखने पर आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घायल महिला को मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भर्ती कराया है।
जानकारी के अनुसार लालकुर्ती थाना क्षेत्र के टोपखाना निवासी रानी की शादी कमल से हुई है। उसके तीन बेटे हैं। बताया गया कि करीब 10 से 12 वर्ष पहले रानी पति और बच्चों को छोड़कर खुर्जा निवासी दौलत राम के साथ चली गई थी। इसके बाद वह दौलत राम के साथ रहने लगी। इसी दौरान रानी के एक बेटा आदित्य हुआ।
बताया गया कि आदित्य के दिल में छेद है और उसका उपचार चल रहा है। करीब डेढ़ महीने पहले रानी बेटे आदित्य को लेकर दोबारा अपने पति कमल के पास लौट आई थी। मंगलवार दोपहर दौलत राम उसके घर पहुंचा और आदित्य को अस्पताल में दिखाने की बात कहकर रानी को अपने साथ मेडिकल कॉलेज ले आया।
मेडिकल कॉलेज के गेट के बाहर दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दौलत राम ने चाकू निकालकर रानी पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के पेट और पैर पर कई वार किए। रानी के घायल होकर चीखने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया।
इसके बाद लोगों ने आरोपी की पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। मेडिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दौलत राम को हिरासत में ले लिया। घायल रानी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी सतवीर अत्री ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हमले के कारण का पता लगाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment