इकरा हसन बोलीं- यूपी में भाजपा को सपा ही हरा सकती है
कांग्रेस पर साधा निशाना, गठबंधन नहीं रहने पर कांग्रेस को नुकसान की बात कही; दिशा बैठक में विकास कार्यों की देरी और स्कूलों में शिक्षकों की कमी के मुद्दे उठाए
शामली। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के बाद कैराना से सपा सांसद इकरा हसन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा का मुकाबला समाजवादी पार्टी ही कर सकती है और अखिलेश यादव ही भाजपा को हरा सकते हैं। कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि वह अपने दम पर कुछ नहीं कर पाएगी। गठबंधन नहीं रहने की स्थिति में उन्होंने कांग्रेस के लिए नुकसान की बात कही।
विकास कार्यों में देरी का मुद्दा उठाया
दिशा की बैठक में सांसद ने अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों की प्रगति और देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में होने के कारण उनके क्षेत्र के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बैठक में सड़क निर्माण, उपरिगामी पुल, हाईवे की मरम्मत, स्कूलों में शिक्षकों की कमी और अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की गई।
सांसद ने गढ़ी दथेडा से नाई नगला होते हुए थालवा तथा कैराना से इस्सौपुर खुरगान तक सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। उन्होंने 800 मीटर सड़क का निर्माण कराने का मुद्दा भी अधिकारियों के सामने रखा।
राजकीय इंटर कॉलेज और शिक्षकों की कमी
बैठक में चौसाना और माल्हीपुर में राजकीय इंटर कॉलेज की आवश्यकता का मुद्दा भी उठाया गया। सांसद ने बताया कि ग्रामीण कॉलेज के लिए भूमि उपलब्ध कराने को तैयार हैं। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और जिलाधिकारी से इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कराने को कहा।
इसके अलावा बंतीखेड़ा जूनियर हाईस्कूल तथा इस्सौपुर खुरगान में गणित और विज्ञान के शिक्षकों की कमी का मामला भी रखा गया। चहारदीवारी विहीन प्राथमिक विद्यालयों की सूची भी जिलाधिकारी को सौंपी गई।
पुल और हाईवे की बदहाली पर सवाल
बैठक में बलवा और शामली सदर तहसील क्षेत्र में स्वीकृत उपरिगामी पुलों के निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा हुई। एनएचएआई के अभियंता ने बताया कि बिजली के खंभे हटने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और दोनों पुलों को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य है।
दिल्ली-शामली-सहारनपुर हाईवे पर गड्ढों और मरम्मत में देरी का मुद्दा भी उठा। अधिकारियों ने बताया कि गौरीपुर से खेकड़ा तक मरम्मत हो चुकी है और गौरीपुर मोड़ से शामली तक पेचवर्क कराया जाएगा।
आयुष्मान योजना में जांच के निर्देश
बैठक में आयुष्मान योजना में कथित अनियमितताओं का मामला भी सामने आया। बैठक में 40.42 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी और धनराशि लेकर अल्ट्रासाउंड लाइसेंस जारी करने जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया। जिलाधिकारी आलोक यादव ने सीएमओ को मामले की जांच के निर्देश दिए। इसके अलावा कांधला-किवाना की जर्जर सड़क और जल जीवन मिशन के तहत सड़कें खोदने के बाद काम पूरा नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।

No comments:
Post a Comment