न्यू टाउनशिप में एयर शो की तैयारियां तेज

19-20 सितंबर को आसमान में करतब दिखाएगी सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम, हजारों दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद

मेरठ। परतापुर क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप स्थल पर 19 और 20 सितंबर को होने वाले एयर शो की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। दो दिवसीय आयोजन में भारतीय वायुसेना के विमान आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। शहर में पहली बार सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो को लेकर लोगों में खासा उत्साह है।

आयोजन को लेकर मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मेडा के जेई शाकिब ने बताया कि करीब 100 बीघा क्षेत्र में कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही हैं। स्थल पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जनसभा के लिए तैयार किए गए स्थल की तर्ज पर व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं।

हजारों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए एयर शो स्थल तक आने-जाने के लिए तीन रास्ते तैयार किए जाएंगे। मंच के अलावा दर्शकों के लिए बड़ा और खुला पंडाल बनाया जाएगा। यहां लोगों के बैठने और कार्यक्रम देखने की व्यवस्था होगी। मेडा की ओर से खान-पान की व्यवस्था भी की जाएगी।

मंच के आसपास वीवीआईपी और वीआईपी के लिए अलग इंतजाम रहेंगे। इसके साथ ही सुरक्षा, पार्किंग, प्रवेश और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि दो दिन चलने वाले एयर शो में दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts