जिला न्यायालय में जनसुविधा, स्वच्छता और हरियाली की पहल
विधिक सहायता के महत्वपूर्ण दूरभाष नंबरों की निर्देशिका का शुभारंभ, परिसर में लगाए पौधे और कूड़ेदान
मेरठ। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से वीरीना फाउंडेशन ने जिला न्यायालय परिसर को स्वच्छ, हरित एवं जनसुविधायुक्त बनाने की दिशा में पहल की है। इसी क्रम में फाउंडेशन की ओर से तैयार महत्वपूर्ण सहायता दूरभाष क्रमांकों की निर्देशिका का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मुख्य प्रवेश द्वार पर किया।
निर्देशिका में राष्ट्रीय एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विधिक और जनसहायता सेवाओं के दूरभाष नंबर शामिल किए गए हैं। इसके अलावा न्यायालय परिसर के प्रमुख स्थानों पर कांच-फलक भी लगाए गए हैं, ताकि वादकारियों और आमजन को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके।
स्वच्छ एवं हरित न्यायालय परिसर के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए फाउंडेशन ने परिसर में पौधे और कूड़ेदान भी उपलब्ध कराए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने वीरीना फाउंडेशन के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए जिला कारागार में बंदियों के पुनर्वास, कौशल विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी सराहनीय बताया। उन्होंने संस्था की पांचवीं वर्षगांठ पर शुभकामनाएं दीं।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग और न्यायिक अधिकारियों के मार्गदर्शन में जनसुविधा, विधिक जागरूकता, स्वच्छता और हरियाली से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाना संस्था के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित के कार्यों में सहयोग जारी रखने की बात कही।

No comments:
Post a Comment