अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हवाई हमला, बंदर अब्बास में सुने गए भीषण धमाकों की आवाज
अमेरिकी सेंट्रल कमांड का दावा- ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड के ठिकानों को बनाया निशाना
तेहरान (एजेंसी)। अमेरिका ने मंगलवार को एक बार फिर ईरान पर हवाई हमला किया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई की गई। ईरानी सरकारी मीडिया ने बंदर अब्बास के पूर्वी इलाके में कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई देने की जानकारी दी है।
अमेरिका ने कहा है कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर ईरान के हमलों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों पर हुए हमलों के जवाब में की गई है। हमले के बाद पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
रविवार को भी हुआ था हमला
अमेरिका ने रविवार को भी ईरान पर हवाई कार्रवाई की थी। उस दौरान लराक द्वीप पर दो लॉन्चरों को निशाना बनाया गया था। अमेरिका का दावा था कि IRGC की ओर से इन लॉन्चरों को होर्मुज जलडमरूमध्य की दिशा में हमले के लिए तैयार किया जा रहा था। इसके बाद ईरान ने जॉर्डन में तैनात अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।
ट्रंप ने दी थी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
इस ताजा हमले से एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने दावा किया था कि अमेरिकी कार्रवाई के बाद ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो गई है। ट्रंप ने यह भी कहा था कि ईरान के नेतृत्व की स्थिति स्पष्ट नहीं है और देश गंभीर आर्थिक एवं सैन्य दबाव का सामना कर रहा है।
हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने ताजा अभियान की अवधि और इसके संभावित दायरे को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है। नए हमले के बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और बढ़ने की आशंका है।


No comments:
Post a Comment