स्कूलों में गूंजा पॉक्सो कानून का संदेश, बच्चों को बताए सुरक्षा और अधिकार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने विभिन्न विद्यालयों में चलाया विशेष जागरूकता अभियान, अप्रिय घटना पर तत्काल सूचना देने की अपील
मेरठ, 30 सितंबर। गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मेरठ की ओर से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों और उसके कानूनी परिणामों को लेकर विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान जिला न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा-द्वितीय के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
अभियान के तहत बुधवार को विद्यालयों की प्रार्थना सभा और जागरूकता शिविरों में छात्र-छात्राओं को बच्चों के प्रति होने वाले लैंगिक अपराधों से सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों और पॉक्सो अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल अभिभावकों, विद्यालय प्रशासन या संबंधित प्राधिकरण को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
अपर जिला न्यायाधीश एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) यशपाल सिंह लोधी ने सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, बूढ़ाना गेट में छात्राओं को कानून की जानकारी दी। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सोनिका वर्मा ने सेंट थॉमस गर्ल्स इंटर कॉलेज, मिशन कंपाउंड और सेंट थॉमस इंग्लिश मीडियम स्कूल, छिपी टैंक में छात्राओं को जागरूक किया।
बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
जागरूकता कार्यक्रमों में बताया गया कि बच्चों के खिलाफ किसी भी प्रकार के लैंगिक अपराध को छिपाने के बजाय उसकी सूचना संबंधित अधिकारी या सक्षम प्राधिकारी को देना आवश्यक है। न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सजग रहने और अपने साथ-साथ अन्य बच्चों की सुरक्षा में भी सहयोग करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सावन कुमार विकास ने खालसा कन्या इंटर कॉलेज, गुरुद्वारा रोड में, अपर सिविल जज अनुराग सिंह ने दुर्गाबाड़ी इंटर कॉलेज में, अपर सिविल जज आकांक्षा गुप्ता ने इस्माईल गर्ल्स नेशनल इंटर कॉलेज, पुरानी तहसील में तथा सिविल जज मीमोह यादव ने सेंट थॉमस इंग्लिश मीडियम स्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित कर विद्यार्थियों को पॉक्सो कानून की जानकारी दी।
कार्यक्रमों में छात्राओं को उनके विधिक अधिकारों के साथ-साथ सुरक्षित वातावरण, सजगता और किसी भी घटना की तत्काल सूचना देने के महत्व से अवगत कराया गया।

No comments:
Post a Comment