प्लास्टिक वेस्ट में लगी भीषण आग, धुएं से ग्रामीण बेहाल
अच्छरोंडा-काशी मार्ग पर घंटों धधकता रहा कचरा, दो दमकल गाड़ियों ने मशक्कत के बाद पाया काबू
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के अच्छरोंडा-काशी मार्ग पर शनिवार सुबह एक फैक्ट्री के पास खाली प्लॉट में पड़े भारी मात्रा में प्लास्टिक वेस्ट मटेरियल में भीषण आग लग गई। आग की लपटों के साथ उठे घने जहरीले धुएं से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। अच्छरोंडा गांव के ग्रामीणों ने धुएं से सांस लेने में परेशानी होने की शिकायत की। खासकर बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी दिक्कत हुई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
ग्रामीणों ने अवैध फैक्ट्रियों पर उठाए सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के आसपास बड़ी संख्या में अवैध फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं। इनसे निकलने वाला वेस्ट मटेरियल खुले प्लॉटों में डाला जा रहा है, जिससे क्षेत्र में जल और वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने दावा किया कि प्रदूषण के कारण लोगों को दमा, टीबी, एलर्जी समेत कई गंभीर बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पहले भी फाइबर शीट और धागा बनाने वाली कंपनियों के वेस्ट मटेरियल में आग लग चुकी है। बार-बार आग लगने की घटनाओं से लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्लास्टिक वेस्ट के सुरक्षित एवं उचित निस्तारण की व्यवस्था कराने की मांग की है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन और गांव से पलायन की चेतावनी भी दी।
इस दौरान अशोक नेता, सुमित चौधरी, शुभम राणा, शेर सिंह, रोहित राणा, निरंकार, रामू, नीरज शर्मा और सर्वेंद्र आदि मौजूद रहे।
फैक्ट्री मालिक बोले- शरारती व्यक्ति ने लगाई आग
फैक्ट्री मालिक राजीव सोलंकी ने फोन पर बताया कि उन्होंने फैक्ट्री किराये पर दे रखी थी। फैक्ट्री का प्लास्टिक वेस्ट आसपास के प्लॉटों में पड़ा हुआ था। उनके अनुसार किसी शरारती व्यक्ति ने वेस्ट में आग लगाई। उन्होंने बताया कि आग से बचे मलबे को जल्द हटवाकर प्लॉट की सफाई कराई जाएगी।

No comments:
Post a Comment