मेरठ को मेट्रो से जोड़ने की बड़ी तैयारी, दो नए कॉरिडोर से बदलेगा शहर का सफर
फेज-2 में श्रद्धापुरी से जागृति विहार और फेज-3 में गंगानगर-सीसीएसयू से बेगमपुल तक कनेक्टिविटी का प्रस्ताव
मेरठ। मेरठ मेट्रो के विस्तार की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रस्तावित फेज-2 और फेज-3 के कॉरिडोर शहर के पश्चिमी हिस्से को पूर्वी मेरठ, मेडिकल कॉलेज, जागृति विहार और विश्वविद्यालय क्षेत्र से जोड़ेंगे। दोनों चरणों के आकार लेने के बाद शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक और चिकित्सा क्षेत्रों तक मेट्रो की पहुंच और मजबूत होने की उम्मीद है।
फेज-2 में 15 किमी का ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर प्रस्तावित है। एनसीआरटीसी से जुड़े सूत्रों के अनुसार यह कॉरिडोर श्रद्धापुरी से जागृति विहार तक बनाया जाएगा। करीब 10.7 किमी हिस्सा एलिवेटेड और 4.3 किमी भूमिगत रखने का प्रस्ताव है। मार्ग में श्रद्धापुरी फेज-2, कंकरखेड़ा, मेरठ कैंट रेलवे स्टेशन, रजबन बाजार, बेगमपुल, बच्चा पार्क, शाहपीर गेट, हापुड़ अड्डा चौराहा, गांधी आश्रम, मंगल पांडे नगर, तेजगढ़ी चौराहा, मेडिकल कॉलेज और जागृति विहार जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल होंगे।
गंगानगर से विश्वविद्यालय होते हुए बेगमपुल तक कनेक्शन
फेज-3 में करीब नौ किलोमीटर का कॉरिडोर प्रस्तावित है। इसमें सीसीएस विश्वविद्यालय से बेगमपुल वाया गंगानगर तक मेट्रो कनेक्टिविटी की योजना बताई जा रही है। इस रूट पर छह स्टेशन प्रस्तावित हैं। इससे गंगानगर, डिफेंस एन्क्लेव और विश्वविद्यालय क्षेत्र के विद्यार्थियों समेत आसपास के लोगों को सेंट्रल मेरठ और आरआरटीएस नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
अभी मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक दौड़ रही मेट्रो
मेरठ मेट्रो का फेज-1 करीब 23.60 किलोमीटर लंबा है। इसमें 14.8 किलोमीटर एलिवेटेड और 8.8 किलोमीटर भूमिगत मार्ग है। इस कॉरिडोर पर 13 स्टेशन हैं। वर्तमान में मेट्रो मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक संचालित हो रही है। प्रस्तावित विस्तार के बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों को मेट्रो और आरआरटीएस नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम होगा।
एक नजर में
फेज-1: 23.60 किमी, 13 स्टेशन
फेज-2: करीब 15 किमी, श्रद्धापुरी से जागृति विहार
फेज-2: 10.7 किमी एलिवेटेड, 4.3 किमी भूमिगत
फेज-3: करीब 9 किमी, गंगानगर-सीसीएसयू-बेगमपुल कॉरिडोर
फेज-3: छह स्टेशन प्रस्तावित
उद्देश्य: शहर के प्रमुख क्षेत्रों को मेट्रो और आरआरटीएस नेटवर्क से जोड़ना

No comments:
Post a Comment