दौराला कान्हा गौशाला में गो-सेवा आयोग की टीम का औचक निरीक्षण, बीमार गोवंश के लिए अलग शेड बनाने के निर्देश
200 गोवंश मिले संरक्षित, भूसा-हरा चारा पर्याप्त; दो अतिरिक्त पानी की होदियां बनाने को कहा
मेरठ, 2 सितंबर 2026।
उत्तर प्रदेश गो-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल और सदस्य दीपक गोयल की संयुक्त टीम ने बुधवार को नगर पंचायत दौराला स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया। टीम ने गौवंश के संरक्षण, भरण-पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और गौशाला में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का मौके पर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में 200 गोवंश संरक्षित मिले। मौके पर भूसा और हरा चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। परिसर में साफ-सफाई और जलभराव से बचाव के इंतजाम भी संतोषजनक पाए गए। आयोग के उपाध्यक्ष और सदस्य ने गोवंश के अच्छे स्वास्थ्य की सराहना की। हालांकि, तीन पशु बीमार मिले, जिनका उपचार चल रहा था।
नेपियर घास और गौसंरक्षण पेंटिंग की सराहना
टीम ने गौशाला परिसर में उगाई जा रही नेपियर घास का भी निरीक्षण किया। गौशाला की दीवारों पर गौसंरक्षण से संबंधित बनाई गई पेंटिंग की भी अधिकारियों ने प्रशंसा की।
उपाध्यक्ष और सदस्य ने बीमार गोवंश के लिए अलग शेड बनाने तथा पशुओं के लिए दो अतिरिक्त पानी की होदियां तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गौशाला में गोवंश के स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के बाद आयोग के उपाध्यक्ष और सदस्य ने सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता भी की।
इस दौरान मुख्य पशुचिकित्साधिकारी मेरठ डा. पवित्र जीत सिंह, पशुचिकित्साधिकारी दौराला डा. साक्षी चौहान, नगर पंचायत दौराला की अधिशासी अधिकारी करिश्मा सिंह सहित पशु चिकित्सालय और नगर पंचायत कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment