योगी सरकार के फैसलों से आउटसोर्स कर्मियों में खुशी, एलएलआरएम में गूंजा ‘अब भविष्य सुरक्षित’ का भरोसा

मुख्यमंत्री ने वेतन वृद्धि के साथ बीमा, ईपीएफ-ईएसआईसी और मातृत्व अवकाश जैसी सुविधाओं की घोषणा की; यूपी कॉस पोर्टल से वेतन भुगतान और सेवाओं में पारदर्शिता की उम्मीद

मेरठ, 2 सितंबर 2026।
आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बुधवार को लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज (एलएलआरएम) का सभागार खुशी और उम्मीद का केंद्र बन गया। लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आउटसोर्स कर्मियों के हित में की गई घोषणाओं और यूपी कॉस पोर्टल एवं वेबसाइट के शुभारंभ का मेडिकल कॉलेज सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि वेतन, बीमा, ईपीएफ-ईएसआईसी और अन्य सुविधाओं को लेकर अब व्यवस्था अधिक पारदर्शी होने की उम्मीद है। इससे नौकरी के साथ परिवार की आर्थिक सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद और विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने किया। कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन और आउटसोर्स कर्मियों के लिए घोषित नई व्यवस्थाओं को ध्यानपूर्वक सुना।

पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम

सांसद अरुण गोविल ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी स्वास्थ्य समेत कई विभागों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उनके हितों को सुरक्षित करने के लिए पारदर्शी व्यवस्था जरूरी थी। यूपी कॉस पोर्टल इस दिशा में प्रभावी कदम साबित होगा।

राज्यसभा सदस्य डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि वेतन सीधे बैंक खातों में पहुंचने के साथ ईपीएफ-ईएसआईसी और बीमा जैसी सुविधाओं से कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने के साथ कर्मचारियों का भरोसा भी मजबूत होगा।

कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारियों की मेहनत से स्वास्थ्य समेत विभिन्न विभागों की सेवाएं सुचारू रूप से संचालित होती हैं। सरकार ने उनके रोजगार के साथ भविष्य की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया है।

महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी किसी भी संस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ होते हैं। उनके अनुसार, योगी सरकार ने इन कर्मचारियों को सम्मान और सुरक्षा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज ने यूपी कॉस को डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि बीमा और स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी सुविधाओं का लाभ कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों को भी मिलेगा।

बीमा और डिजिटल व्यवस्था को लेकर उत्साह

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कर्मचारियों के बीच सबसे अधिक चर्चा सीधे बैंक खाते में वेतन, बीमा और डिजिटल व्यवस्था को लेकर रही।

मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत राजन सैनी ने कहा कि पहले आउटसोर्स कर्मचारियों को कम मानदेय में काम करना पड़ता था और बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। उनके मुताबिक, सरकार की नई व्यवस्था से वेतन के साथ सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत होगी।

सरदार वल्लभ भाई पटेल अस्पताल में कार्यरत रोहित गुप्ता ने कहा कि यूपी कॉस पोर्टल और वेबसाइट शुरू होने से व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी। वेतन सीधे बैंक खाते में आने और बीमा की सुविधा मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा का भरोसा लेकर आई है।

एलएलआरएम में नर्सिंग स्टाफ अर्जुन यादव ने कहा कि यूपी कॉस आउटसोर्स कर्मियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव है। वेतन, छुट्टी, फंड और सेवा से जुड़े मामलों की जानकारी एक ही डिजिटल व्यवस्था में मिलने से पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को अपनी सेवाओं व सुविधाओं को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

हर्षिता चौधरी ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को अपनी सेवाओं और सुविधाओं के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। समय से वेतन और बीमा जैसी सुविधाएं मिलने से बच्चों की फीस और परिवार के इलाज जैसी जरूरतों को पूरा करने में भी सहूलियत होगी।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डा. आर.सी. गुप्ता, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह समेत संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में आउटसोर्स कार्मिक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts