विदेश यात्रा में अब रोमिंग का झंझट खत्म, वी ने लॉन्च किया फ्री इंटरनेशनल रोमिंग ऑफर
170 से अधिक देशों में पोस्टपेड, प्रीपेड और एंटरप्राइज ग्राहकों को प्लान के अनुसार साल में तीन बार तक मिलेगा लाभ
मेरठ। वोडाफोन आइडिया (वी) ने अपने नए ब्रांड वादे ‘वी पे सब हैं वीआईपी’ के तहत ग्राहकों के लिए फ्री इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, चुनिंदा पोस्टपेड, प्रीपेड और एंटरप्राइज प्लान के ग्राहकों को दुनिया के 170 से अधिक देशों में यात्रा के दौरान रोमिंग कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
वी के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर अवनीश खोसला ने कहा कि ‘वी पे सब हैं वीआईपी’ केवल कैंपेन नहीं, बल्कि ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर विदेश यात्रा के दौरान ग्राहकों को रोमिंग पैक खरीदने, स्थानीय सिम या ट्रैवल ई-सिम लेने की जरूरत पड़ती है। कंपनी ने अपने चुनिंदा प्लान में इंटरनेशनल रोमिंग को इन-बिल्ट लाभ के तौर पर शामिल किया है।
साल में तीन बार तक फ्री रोमिंग
कंपनी के मुताबिक, पात्र पोस्टपेड, प्रीपेड और एंटरप्राइज ग्राहकों को प्लान के आधार पर साल में तीन बार तक फ्री इंटरनेशनल रोमिंग मिलेगी। अलग-अलग प्लान में इंटरनेशनल डेटा और आउटगोइंग कॉलिंग के अलग-अलग कोटा निर्धारित हैं। कंपनी का दावा है कि इससे ग्राहकों को सालाना 9,000 रुपये तक की बचत हो सकती है।
ओटीपी और भारतीय नंबर से जुड़े रहने की सुविधा
विदेश यात्रा के दौरान लोकल सिम लेने, भारतीय नंबर पर ओटीपी नहीं आने और महंगे रोमिंग बिल जैसी समस्याओं को देखते हुए कंपनी ने यह सुविधा शुरू की है। ऑफर का लाभ वी ऐप के माध्यम से एक्टिवेट किया जा सकेगा। इससे ग्राहक यात्रा के दौरान अपने भारतीय मोबाइल नंबर से जुड़े रह सकेंगे।
501 रुपये से शुरू पोस्टपेड प्लान
वी के अनुसार, इस सुविधा के लिए पात्र प्लान में 501 रुपये से शुरू होने वाले पोस्टपेड प्लान, सालाना प्रीपेड अनलिमिटेड डेटा प्लान और बिजनेस ग्राहकों के लिए 451 रुपये से शुरू होने वाले कॉर्पोरेट प्लान शामिल हैं। लाभ और रोमिंग कोटा संबंधित प्लान की शर्तों के अनुसार लागू होंगे।
शाहरुख खान नजर आए नए विज्ञापन में
कंपनी ने नई पेशकश को प्रमोट करने के लिए अभिनेता शाहरुख खान को लेकर नया कमर्शियल भी जारी किया है। विज्ञापन में शाहरुख शुरुआत में यह समझते हैं कि फ्री इंटरनेशनल रोमिंग की सुविधा केवल उनके लिए है, लेकिन बाद में बताया जाता है कि यह सुविधा पात्र ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य विदेश यात्रा के दौरान ग्राहकों को सरल और चिंता-मुक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

No comments:
Post a Comment