श्रमिकों का स्वास्थ्य और हित सरकार की प्राथमिकता : असीम अरुण
सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, करीब 500 औद्योगिक प्रतिष्ठानों के श्रमिकों को स्वास्थ्य जांच व परामर्श
मेरठ। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग की ओर से शनिवार को श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर एवं हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) समाज कल्याण एवं प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने फीता काटकर किया। इस दौरान राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया और मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल मौजूद रहीं।
शिविर में करीब 500 औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों और कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई। मेडिकल टीम ने ओपीडी, पैथोलॉजी जांच, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श और रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराई। श्रमिकों को स्वास्थ्य एवं कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। सेवायोजकों, प्रतिष्ठान स्वामियों और नर्सिंग होम के सहयोग से सीएसआर फंड के माध्यम से मेडिकल किट वितरित की गईं।
योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान
प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि निर्माण श्रमिक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रमिकों और उनके परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने श्रमिकों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया और श्रम विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र श्रमिकों को हितलाभ वितरित किए गए। उप श्रमायुक्त मेरठ राजेश मिश्रा ने श्रमिकों को योजनाओं की पात्रता, आवश्यक अभिलेख और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी।
40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों पर फोकस
श्रम विभाग के अनुसार, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता-2020 के तहत 40 वर्ष से अधिक आयु के श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न ब्लॉकों और औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में डीसी एनआरएलएम अनय मिश्रा, सहायक श्रमायुक्त अवधेश कुमार वर्मा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी विनय कुमार दुबे समेत श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment