नवप्रवेशित छात्राओं को दीक्षारम्भ में बताई पढ़ाई, करियर और योजनाओं की राह
महिला पीजी कॉलेज में कार्यक्रम, प्राचार्य ने नियमित उपस्थिति और अनुशासन पर दिया जोर
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए ‘दीक्षारम्भ’ अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन शास्ता मंडल के तत्वावधान में किया गया। स्नातक प्रथम वर्ष के कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय की छात्राओं ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डॉ. अंजू सिंह ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत नृत्य की प्रस्तुतियां दीं।
प्राचार्य ने छात्राओं का स्वागत करते हुए उनके सर्वांगीण विकास और अच्छे नागरिक बनने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित उपस्थिति बनाए रखने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि महाविद्यालय के सभी शिक्षक छात्राओं के विकास के लिए तत्पर हैं। मुख्य शास्ता प्रो. लता कुमार ने अनुशासन और एनसीसी से जुड़ी जानकारी दी। रोजगार प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. भारती दीक्षित ने करियर काउंसलिंग सेल, जबकि प्रो. अनुजा गर्ग ने रेंजर्स के बारे में बताया।
प्रो. गीता चौधरी ने ‘सारथी’ मेंटरशिप कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि छात्राएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मेंटर से संपर्क कर सकती हैं। प्रो. एसपीएस राणा ने परीक्षा व्यवस्था और वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की जानकारी दी। डॉ. पारुल मलिक ने छात्रवृत्ति योजना तथा प्रो. मंजू रानी ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के नियमों की जानकारी दी।
विज्ञान संकाय से डॉ. कुमकुम ने पाठ्यक्रम, डॉ. नितिन चौधरी ने मेजर-माइनर विषय और खेल गतिविधियों की जानकारी दी। वाणिज्य संकाय प्रभारी डॉ. आवेश कुमार ने लक्ष्य, समर्पण और अनुशासन को छात्राओं के व्यक्तित्व निर्माण का आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष पाठक ने किया। आयोजन में शास्ता मंडल के सदस्यों सहित डॉ. गजेंद्र सिंह और अन्य प्राध्यापकों का सहयोग रहा।

No comments:
Post a Comment