मेरठ में प्रॉपर्टी के दाम ने लगाई छलांग, गंगानगर में चार गुना पहुंची प्लॉट की बोली

22,500 के सर्किल रेट के मुकाबले 85 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर से ऊपर लगी बोली; डिफेंस एंक्लेव के व्यावसायिक प्लॉट भी 1.50 लाख के पार

मेरठ। मेरठ में प्रॉपर्टी बाजार में बढ़ती मांग का असर मेडा की ई-नीलामी में भी दिखाई दिया। 12 और 13 सितंबर को हुई ई-नीलामी में गंगानगर के आवासीय भूखंडों पर खरीदारों ने जमकर रुचि दिखाई। यहां 22,500 रुपये प्रति वर्गमीटर के सर्किल रेट के मुकाबले बोली 85 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर से ऊपर पहुंच गई। यानी सर्किल रेट से करीब चार गुना तक कीमत लगाई गई।

मेडा की ओर से 201 आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की ई-नीलामी कराई गई थी। इनमें 134 व्यावसायिक और 67 आवासीय भूखंड शामिल थे। दोनों श्रेणियों के भूखंडों को लेकर लोगों ने रुचि दिखाई, लेकिन आवासीय भूखंडों में गंगानगर सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहा।

गंगानगर के 28 भूखंडों पर लगी बोली

12 सितंबर को पल्लवपुरम, गंगानगर, रक्षापुरम, लोहियानगर, डिफेंस एंक्लेव, सैनिक विहार, पांडवनगर, श्रद्धापुरी, वेदव्यासपुरी, स्पोर्ट्स गुड्स कॉम्प्लेक्स और शताब्दीनगर समेत विभिन्न योजनाओं के व्यावसायिक भूखंडों की ई-नीलामी हुई। वहीं पांडवनगर, पल्लवपुरम, गंगानगर, शताब्दीनगर, डिफेंस एंक्लेव और लोहियानगर के आवासीय भूखंड भी नीलामी में शामिल किए गए।

गंगानगर के एच और आई ब्लॉक में 26, जबकि यू और एक्स ब्लॉक में एक-एक आवासीय भूखंड पर बोली लगी। इन भूखंडों का सर्किल रेट 22,500 रुपये प्रति वर्गमीटर है, लेकिन बोली 85 हजार रुपये से ऊपर पहुंच गई। इसके मुकाबले पल्लवपुरम, पांडवनगर समेत अन्य योजनाओं के आवासीय भूखंडों में खरीदारों की रुचि अपेक्षाकृत कम रही।

नर्सिंग होम-कॉम्प्लेक्स के प्लॉट भी 1.50 लाख के पार

गंगानगर में नर्सिंग होम और कॉम्प्लेक्स के लिए रखे गए व्यावसायिक भूखंडों को लेकर भी खरीदारों में खासा उत्साह दिखाई दिया। इनकी बोली 1.50 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर से अधिक तक पहुंची।

डिफेंस एंक्लेव के दो प्लॉटों पर भी जोरदार बोली

कंकरखेड़ा स्थित डिफेंस एंक्लेव के दो व्यावसायिक भूखंडों पर भी 1.50 लाख रुपये प्रति वर्गमीटर से अधिक की बोली लगी। इससे पहले इन दोनों भूखंडों पर सिर्फ दो-दो लोगों ने बोली लगाई थी, जिसे मेडा ने नियमानुसार मान्य नहीं माना था। अब दोबारा ई-नीलामी में इन भूखंडों को लेकर कारोबारियों और निवेशकों ने रुचि दिखाई।

पहले भी सबसे महंगा बिका था गंगानगर का एच ब्लॉक

गंगानगर में प्रॉपर्टी की बढ़ती मांग नई नहीं है। करीब एक साल पहले हुई मेडा की ई-नीलामी में भी गंगानगर का एच ब्लॉक सबसे महंगा बिका था। क्षेत्र में बढ़ती रुचि को देखते हुए मेडा ने मवाना रोड स्थित राधा गार्डन के सामने से बीएनजी स्कूल के सामने तक सड़क और उसके किनारे सौंदर्यीकरण की योजना पर भी काम शुरू किया था।

गंगानगर की लोकेशन भी इसे खास बनाती है। आउटर रिंग रोड से गंगानगर और किला परीक्षितगढ़ रोड की दूरी करीब दो किलोमीटर है। सड़क और आसपास के विकास कार्यों के चलते क्षेत्र में निवेशकों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है।

मेडा करा रहा ई-नीलामी की समीक्षा

मेडा सचिव अर्पित गुप्ता ने बताया कि 12 और 13 सितंबर को आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों की ई-नीलामी पूरी हो गई है। इसमें लोगों ने काफी रुचि दिखाई है। किस स्थान पर कितनी कीमत पर भूखंड की बोली लगी, इसकी अभी समीक्षा कराई जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts