मोदीपुरम एसटीपी में क्लोरीन गैस का रिसाव, 8-10 लोगों की तबीयत बिगड़ी

पल्लवपुरम फेस-2 में मचा हड़कंप, आसपास के घर कराए खाली; डीएम-एसएसपी और नगर आयुक्त मौके पर, अस्पतालों में बेड सुरक्षित रखने के निर्देश

मेरठ। मोदीपुरम के पल्लवपुरम फेस-2 स्थित नगर निगम के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में मंगलवार देर शाम क्लोरीन गैस का रिसाव होने से हड़कंप मच गया। गैस के प्रभाव से आसपास रहने वाले 8-10 लोगों की तबीयत बिगड़ने की सूचना है। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। एहतियात के तौर पर एसटीपी के आसपास के घरों को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए राहत और बचाव कार्य की निगरानी शुरू कर दी। आसपास के अस्पतालों को भी अलर्ट कर बेड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि गैस के प्रभाव से किसी व्यक्ति की हालत बिगड़ने पर तत्काल उपचार मिल सके।



नगर आयुक्त टीम के साथ पहुंचे, दमकल की गाड़ियां लगीं

गैस रिसाव की सूचना मिलते ही नगर आयुक्त सौरभ गंगवार नगर निगम की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां भी एसटीपी पर पहुंच गईं। फायर कर्मियों ने क्लोरीन गैस रिसाव से बचाव के लिए विशेष मास्क और सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल किया। दमकल की दो गाड़ियां रिसाव को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटी हैं। नगर निगम के जलकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने में लगी है।



900 किलो के टनर से रिसाव की आशंका

प्रारंभिक जांच में 900 किलोग्राम के टनर की लाइन में लीकेज की बात सामने आई है। क्लोरीन गैस रिसाव की जानकारी मिलने पर दौराला ऑर्गेनिक के कर्मचारी भी सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।

बताया गया कि टनर की लाइन में वाशर नहीं लगाया गया था। जैसे ही गैस की सप्लाई शुरू की गई, लाइन से रिसाव होने लगा। इसके बाद आसपास गैस फैलने से स्थिति बिगड़ गई।

प्रशासन ने क्षेत्र में बढ़ाई सतर्कता

घटना के बाद प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रभावित क्षेत्र में लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता गैस रिसाव को पूरी तरह नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित रखने की है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts