माइंडफुलनेस से नशे की लत पर काबू पाने का दिया संदेश

रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, छात्राओं ने लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

मेरठ। रघुनाथ गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, मेरठ में छात्र कल्याण परिषद के तत्वावधान में नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से ‘माइंडफुल हीलिंग के माध्यम से नशे की लत पर काबू पाना’ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हुआ।

ब्रह्मकुमारी सेंटर, प्रभात नगर की राजयोग शिक्षिका ब्रह्मकुमारी श्वेता दीदी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ पारिवारिक संबंधों, सामाजिक जीवन, शिक्षा और कार्यक्षमता को भी प्रभावित करती है। उन्होंने नशे से मुक्ति के लिए आत्म-जागरूकता विकसित करने, नशे की इच्छा उत्पन्न करने वाले कारणों को पहचानने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने माइंडफुलनेस यानी सचेतनता के महत्व की भी जानकारी दी।

राजयोग मेडिटेशन प्रैक्टिशनर ब्रह्मकुमारी रीना यादव ने छात्राओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की शपथ दिलाई। प्राचार्या प्रो. निवेदिता कुमारी ने कहा कि नशामुक्ति केवल नशा छोड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों, भावनाओं और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी से ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

छात्र कल्याण परिषद की डीन प्रो. अनु रस्तोगी ने छात्राओं को नशे से दूर रहने और परिवार के सदस्यों को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूक करने का आह्वान किया। संचालन डॉ. शैल वर्मा ने किया। कार्यक्रम में प्रो. अपर्णा वत्स, डॉ. स्वाति शर्मा, डॉ. उपासना, डॉ. ज्योति दुबे और शीबा का विशेष सहयोग रहा। महक, आरज़ू शाज़िया, मानसी, काजल, मनु, मिली, अंशिका, नेहा, खुशी, कशिश, खुशबू, शिक्ता, गुनगुन, मिस्बा सहित बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts