सत्य निकेतन में हॉस्टल की पांच मंजिला इमारत ढही, मलबे में छात्रों के फंसे होने की आशंका

करीब 50 छात्रों के हॉस्टल में होने की सूचना, आठ दमकल गाड़ियां और राहत दल मौके पर; कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बच्चों के हॉस्टल के रूप में इस्तेमाल हो रही पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। इमारत गिरते ही मौके पर मलबे का बड़ा ढेर लग गया। हॉस्टल में करीब 50 छात्रों के रहने की सूचना है। ऐसे में कई छात्रों के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे की सूचना फायर विभाग को दोपहर करीब 1:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक दो से तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका है। बचावकर्मी लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं।

मलबे में दबे लोगों की तलाश

इमारत गिरने के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग भी राहतकर्मियों के साथ मलबा हटाने में जुट गए। मौके पर मौजूद टीमें मशीनों और अन्य संसाधनों की मदद से मलबे को हटाकर संभावित फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही हैं। हादसे की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है।

हादसे की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल इमारत गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। ऐसे में शुरुआती तौर पर बारिश को संभावित कारणों में माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और हादसे की जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts