बिजलीघरों में लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई, एमडी ने औचक निरीक्षण कर दिए सख्त निर्देश

बुढ़ाना मोड़ उपकेंद्र पहुंचे पीवीवीएनएल एमडी रवीश गुप्ता; ट्रांसफार्मर, ब्रेकर और कंट्रोल यूनिट की जांच, शटडाउन प्रोटोकॉल के पालन पर जोर

मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) में ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अनुरक्षण माह मनाया जा रहा है। इसके तहत विद्युत उपकेंद्रों, लाइनों और उपकरणों के अनुरक्षण कार्यों की निगरानी के लिए प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने गुरुवार को मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित 33/11 केवी बुढ़ाना मोड़ विद्युत उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया।

एमडी ने बिजलीघर और यार्ड में चल रहे अनुरक्षण कार्यों की स्थिति देखी और पावर ट्रांसफार्मर, वितरण परिवर्तकों तथा अन्य विद्युत उपकरणों के रखरखाव की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपकरणों का निर्धारित मानकों के अनुसार अनुरक्षण कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिल सके।

सीटी बॉक्स, ब्रेकर और कंट्रोल यूनिट की जांच

निरीक्षण के दौरान एमडी ने बिजलीघर में स्थापित सीटी बॉक्स, ब्रेकर और कंट्रोल यूनिट की जांच की। उन्होंने बिजलीघर और यार्ड में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा विद्युत उपकरणों के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए।

लॉगशीट और शिकायत रजिस्टर भी खंगाले

रवीश गुप्ता ने बिजलीघर पर उपलब्ध लॉगशीट, शिकायत रजिस्टर, ब्रेकडाउन रजिस्टर और शटडाउन रजिस्टर की भी जांच की। उन्होंने अधिकारियों से अनुरक्षण कार्यों में किसी भी तरह की शिथिलता नहीं बरतने को कहा। साथ ही सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया और सुरक्षा मानकों के अनुसार कराने के निर्देश दिए।

शटडाउन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन

एमडी ने शटडाउन प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और ट्रांसफार्मर समेत अन्य उपकरणों का आवश्यक अनुरक्षण समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा और फॉल्ट रिस्पांस की विशेष निगरानी के निर्देश भी दिए, ताकि खराबी की स्थिति में जल्द कार्रवाई हो सके।

उन्होंने अधिकारियों को ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत निर्धारित कार्यक्रमों में प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने, अनुरक्षण कार्यों और जनोपयोगी गतिविधियों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts